हल्द्वानी: वन कर्मचारियों को लाठी-डंडों से पीटा, दो घायल
फतेहपुर रेंज के अंतर्गत दमुवाढूंगा की घटना, जंगल में आग लगने के आरोपी को पकड़ कर ले जाने के दौरान ग्रामीणों ने किया हमला
पुलिस व वन विभाग ने 3 महिला समेत पांचों हमलावरों के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट
हल्द्वानी, अमृत विचार। जंगलों से आग बुझाकर लौट रहे वन कर्मचारियों ने जंगल में आग लगाते एक युवक का देखा। जब वन कर्मचारियों ने युवक को पकड़ा तो 3 महिलाओं समेत 5 ग्रामीणों ने हमला कर दिया। हमले में वन बीट अधिकारी समेत 2 कर्मी गंभीर घायल हो गए। वन दरोगा की तहरीर पर पुलिस ने 5 हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
रामनगर वन डिवीजन की फतेहपुर रेंज का स्टाफ बीती 27 अप्रैल की दोपहर 3:50 बजे हैड़ाखान बीट के काठगोदाम कक्ष संख्या 9 से जंगलों की आग बुझाकर लौट रहे थे। इस बीच जैसे ही स्टाफ कमेटिया नौला दाणू मंदिर के पास एक युवक को जंगल में आग लगाते देखा। स्टाफ ने युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मोनू आर्य पुत्र चंद्रशेखर आर्य निवासी कुमाऊं कॉलोनी बताया।
जब स्टाफ ने युवक को पकड़ कर सरकारी वाहन में बिठाने लगी। तभी अचानक नवीन चंद्र पुत्र गुसाईं राम, हेमा देवी पत्नी चंद्रशेखर दो अन्य अज्ञात महिलाओं के साथ मौके पर पहुंच गए और गाली गलौज शुरू कर दी। इससे पहले वन कर्मी कुछ समझ पाते ग्रामीणों ने वन कर्मचारियों पर लाठी-डंडों और लात घूंसों से हमला कर दिया और आरोपी मोनू आर्य को वन कर्मचारियों की कस्टडी से छुड़ाकर ले गए। हमले में वन बीट अधिकारी राजीव जोशी, आउटसोर्स कर्मी मोहित नेगी गंभीर घायल हो गए।
वन कर्मचारियों ने इसकी सूचना आला अधिकारियों को दी। सूचना पर फतेहपुर रेंजर केआर आर्य मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। फिलहाल वन दरोगा राजेंद्र सिंह जंतवाल की तहरीर पर काठगोदाम थाना पुलिस ने पांचों हमलावरों के खिलाफ वन संरक्षण अधिनियम की धारा 26 (1) बी और आईपीसी की 332, 352, 504 में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इसके अलावा वन विभाग ने फतेहपुर रेंज में भी एस-टू दर्ज किया है।
वन टीम पर हमला करने वाले पांचों हमलावरों के खिलाफ काठगोदाम पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसी के साथ ही विभागीय स्तर पर भी फतेहपुर रेंज में केस दर्ज किया गया है। हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-कुंदन कुमार, डीएफओ रामनगर
फोर्स बढ़ा दी, विशेष निगरानी शुरू
रेंजर केआर आर्य ने बताया कि दमुवाढूंगा में आए दिन कर्मियों के साथ हिंसक झड़पें होती हैं। फिलहाल यहां अतिरिक्त फोर्स लगा दी गई है। विशेष गश्त की जा रही है ताकि कोई भी ग्रामीण जंगलों में आग नहीं लगा सके। आग लगाने के आरोपी मोनू आर्य को भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
