काशीपुर: काला के संपर्क में 35 लोग किए चिह्नित, कार्रवाई की तैयारी
काशीपुर, अमृत विचार। महल सिंह हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता हरजीत सिंह उर्फ काला विदेश पर छिपकर उत्तराखंड के तराई में अपने गुर्गों की मदद से भय का माहौल बनाना चाहता है। जिसके मंसूबों को भांप काशीपुर पुलिस ने उस पर शिकंजा कस दिया है।
पुलिस की कार्रवाई से बौखलाया काला शहर के व्यापारियों को धमकी भरे कॉल करा रहा है। ताकि पुलिस का ध्यान मुख्य मुद्दे और उसके खिलाफ कार्रवाई से हटकर दूसरी ओर भटक जाए, लेकिन पुलिस ने उसके मंसूबों पर पानी फेरते हुए उसके लोकल कनेक्शन को भी तोड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस ने संदिग्धों के साथ-साथ हरजीत सिंह उर्फ काला के स्थानीय मददगारों और उससे यहां की जानकारी शेयर करने वालों को चिह्नित करना शुरू कर दिया है।
पुलिस के अनुसार काशीपुर में बैठे काला के कुछ समर्थक उसको यहां से व्यापारियों के नंबर व अन्य जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं। जिससे वह एप के माध्यम से व्यापारियों को विदेशी नंबरों से धमकी भरे कॉल करा रहा है। साथ ही पुलिस ने पिछले कुछ सालों में काला के संपर्क में आए लोगों की कुंडली भी खंगालना शुरू कर दी है।
जो काला को मदद कर रहे है या फिर काला ने उनकी मदद की हो। वहीं पुलिस ने सोशल मीडिया पर भी अपनी नजर गढ़ा दी है। पुलिस अब तक 30 से 35 लोगों को चिह्नित कर चुकी है और उन पर नजर रखे हुए है। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि काला के संपर्क में आए 30 से 35 संदिग्ध लोगों को पुलिस चिह्नित कर चुकी है। जिन पर पुलिस नजर रखे हुए और उन पर कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।
