पीलीभीत: पेड़ से टकराई ईको, दो महिलाओं की मौत, सात गंभीर
पीलीभीत/अमरिया, अमृत विचार। हाइवे पर तेज रफ्तार एक बार फिर काल साबित हुई। बरेली -हरिद्वार नेशनल हाईवे पर अमरिया क्षेत्र के भौनी चौराहा के पास ईको अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि मासूम समेत सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्राथमिक इलाज के बाद घायलों को रेफर कर दिया गया है।
हादसा शुक्रवार शाम का है। बरेली जनपद के कस्बा नवाबगंज के कई लोग एक गमगीन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सितारगंज गए थे। शाम को ईको में सवार होकर वापस नवाबगंज लौट रहे थे। हाईवे पर अमरिया क्षेत्र में भौनी चौराहा पर पहुंचते ही ईको अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। जिसमें ईको में सवार नवाबगंज निवासी जीनत (54) पत्नी शकूर अहमद, मीनत (55) पत्नी बुंदन, अतीफा पुत्री चमन, गुलशन पत्नी जमील अहमद, जाहिद पुत्र छुट्टन, कैसर पत्नी तबसीर, तबस्सुम पत्नी रफीक अहमद, चमन पत्नी मुजीर, नथिया पत्नी गफूर अहमद घायल हो गए।
इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। ईको में फंसे घायलों को आनन-फानन में सीएचसी अमरिया भिजवाया गया। वहां डॉक्टर ने चेकअप के बाद जीनत और मीनत को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे की खबर मिलने पर परिवार वाले भी आ गए। जिसके बाद चीख पुकार मची रही। इंस्पेक्टर अमरिया मुकेश कुमार शुक्ला ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस गई थी। घायलों को अस्प्ताल भर्ती कराया गया है।
ये भी पढे़ं- पीलीभीत: जेल में बंद सजायाफ्ता गैंगस्टर की मौत, परिजन बोले- हत्या हुई...भाई ने सब कुछ बताया, देखें वीडियो
