बरेली: एक साल पहले खड़े किए कोच, अभी तक तैयार नहीं हुआ रेस्टोरेंट
बरेली, अमृत विचार। शहर के पहले रेल कोच रेस्टोरेंट के लिए लोगों का इंतजार बढ़ता ही चला जा रहा है। अधिकारियों ने बीते साल दिसंबर में काम पूरा करने और जनवरी में इसे चालू करने का दावा किया था। करीब चार महीने बाद भी रेल कोच रेस्टोरेंट का निर्माण कछुआ चाल के साथ किया जा रहा है। रेलवे ने निजी एजेंसी को यह काम सौंपा है। जिसके द्वारा ही रेल कोच रेस्टोरेंट का संचालन होगा। लोग कब तक रेस्टोरेंट में व्यंजनों का जायका ले पाएंगे इसका जवाब अभी तक रेल अधिकारियों के पास नहीं है।
करीब दो साल पहले इज्जनतगर रेलवे स्टेशन पर रेल कोच रेस्टोरेंट खोलने को मंजूरी मिली थी। काफी समय तक टेंडर निकालने के बावजूद किसी ने रेल कोच रेस्टोरेंट में दिलचस्पी नहीं दिखाई। बमुश्किल एक निजी एजेंसी ने पांच साल के लिए रेल कोच रेस्टोरेंट संचालित करने का ठेका लिया तो एक साल पहले स्टेशन परिसर में ट्रैक डालकर दो कंडम कोच रेलवे ने खड़े किये। तबसे लेकर अब तक निर्माण का काम किया जा रहा है। एजेंसी से जुड़े लोगों के मुताबिक बाहर से रेल कोच रेस्टोरेंट जितना आकर्षक बनाया जा रहा है, उससे कहीं ज्यादा अंदर से आकर्षक होगा। एक कोच में काम लगभग पूरा हो चुका है, सिर्फ फर्नीचर आदि डालने का काम बचा हुआ है। तो दूसरे कोच में काम किया जा रहा है। उम्मीद है कि एक महीने के अंदर यह रेस्टोरेंट बनकर तैयार हो जायेगा।
बरेली जंक्शन पर रेल कोच रेस्टोरेंट
मुरादाबाद रेल मंडल के बरेली जंक्शन पर भी रेल कोच रेस्टोरेंट की शुरूआत करने का प्रस्ताव है। स्थानीय अधिकारियों की तरफ जगह चिन्हित कर प्रस्ताव मुख्यालय को भेज दिया गया है। अब मंडल मुख्यालय की मुहर लगने के बाद रेल कोच रेस्टोरेंट का काम शुरू होगा। आरक्षण कार्यालय के बाहरी परिसर में रेल अधिकारियों ने रेल कोच रेस्टोरेंट के लिए जगह चिन्हित की है।
रेल कोच रेस्टोरेंट का संचालन इज्जतनगर रेल मंडल द्वारा प्राइवेट एजेंसी को सौंपा गया है। वहीं इसका निर्माण भी कर रही है। रेलवे की तरफ से केवल कंडम कोच दिए गए हैं। उम्मीद है कि एक माह के अंदर अधिकतर काम पूरा कर लिया जायेगा।-राजेंद्र सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, इज्जतनगर मंडल
ये भी पढे़ं- बरेली: पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होगी रिछा झील, डीएम ने किया निरीक्षण
