संभल: छत से गिर कर महिला की मौत, हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीएचसी में ससुराल व मायके पक्ष के लोगों में हुई नोकझोंक, हंगामा, बदायूं के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव सितौली में हुई घटना

महिला की मौत के बाद बिखलती परिजन, (गुड़िया का फाइल फोटो)

संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। बदायूं के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव सिठौली में नवनिवाहिता की छत से गिर कर मौत हो गई। मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मृतका के पति की पिटाई भी की। इस दौरान ससुराल पक्ष के लोगों से तीखी नोकझोंक भी हुई। सूचना पाकर अस्पताल पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझा कर शांत किया। 
  
कोतवाली के गांव बुधनगर खडुआ निवासी धर्मवीर ने अपनी बेटी गुड़िया (20) की शादी नौ माह पूर्व बदायूं जिले के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव सितौली निवासी सेठी से की थी। शुक्रवार को ससुराल में गुड़िया छत से गिर गई। सिर में चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। ससुराल वाले उसे चन्दौसी में पथरा मोड़ स्थित पार्थ अस्पताल ले आए। सूचना पाकर मायके वाले भी पहुंच गए। मायके वालों ने गुड़िया को जबरन छत से गिराने का आरोप लगाते हुए पति सेठी की पिटाई कर दी। 

सूचना पाकर क्राइम इंस्पेक्टर सीवी सिंह फोर्स के साथ अस्पताल पहुंचे और गुड़िया को सरकारी अस्पताल ले गए। जहां चिकित्साधिकारी ने उसे मृत घोषित कर दिया। इससे मायके वालों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। इस दौरान दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को समझा बुझा कर शांत किया और पति को हिरासत में ले लिया। मामले की तहरीर इस्लामनगर थाने में दी जाएगी। 

चार माह पहले भी हुआ था विवाद 
गुड़िया की मां तेजवती ने बताया कि ससुराल वाले शादी में दिए दहेज से संतुष्ट नहीं थे। पति सेठी ई-रिक्शा चलाता है। वह शादी के बाद से ही बाइक और सोने की चेन की मांग करते हुए आए दिन गुड़िया को प्रताड़ित करता था। चार माह पहले भी विवाद हुआ था। कुछ लोगों के हस्तक्षेप से उस समय समझौता हो गया था। उनका आरोप है कि इसी के चलते गुड़िया को छत से गिरा कर हत्या की गई है। 

शव देख बिलख पड़े परिजन
सरकारी अस्पताल में गुड़िया का शव देख कर मायके वाले बिलख पड़े। मां तेजवती का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उन्होंने बताया कि गुड़िया सात भाई-बहनों में चौथे नंबर की थी। अस्पताल पहुंचे भाई वीर सिंह, हुकुम सिंह, रन सिंह, जसवीर सिंह, अर्जुन सिंह के भी आंसू नहीं रुक रहे थे।

महिला की मौत के मामले में निजी अस्पताल में हंगामे की सूचना पर मिली थी। सीएचसी में महिला को मृत घोषित कर दिया गया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल बदायूं जिले के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव सिठौली का है। इसलिए तहरीर भी इस्लामनगर पुलिस को ही दी जाएगी। -सत्येंद्र सिंह पंवार, इंस्पेक्टर।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : जीवन नंबरों का खेल नहीं, रिजल्ट को स्वीकार करें

संबंधित समाचार