प्रौद्योगिकी की भूमिका

Amrit Vichar Network
Published By Moazzam Beg
On

तकनीकी प्रगति ने जीवन के हर पहलू को आगे बढ़ाया है। तकनीक ने हमारे काम करने, संवाद करने, सोचने, सीखने, आजीविका कमाने और अवकाश में समय बिताने के तरीके को बदल दिया है। इसने कठिन कार्यों को पूरा करने में सहायता करके रोजमर्रा की जिंदगी को आसान बनाने में मदद की है। तकनीकी नवाचार में पहिए के आविष्कार और प्राचीन सभ्यताओं में कृषि से लेकर मध्य युग में कैलकुलेटर, जहाजों, कैलेंडर,  कंप्यूटर, मोबाइल फोन और रोबोट की उपस्थिति तक सब कुछ शामिल है। सभी आविष्कारों के पीछे प्राथमिक प्रेरक शक्ति समाज की आवश्यकताएं रही हैं।  

कहावत भी है कि आवश्यकता आविष्कार की जननी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को 18 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों में फैले 91 एफएम ट्रांसमीटर्स का उद्घाटन किया और कहा कि उनकी सरकार देश के हर नुक्कड़ और कोने में लोगों को प्रौद्योगिकी तक सस्ती पहुंच प्रदान करने की दिशा में काम कर रही है। तकनीकी नवाचारों ने संचार के क्षेत्र में भी एक बड़ा प्रभाव डाला है और लोगों के संचार करने के तरीके में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है। संचार सेवाएं किसी भी समाज की प्रगति का एक महत्वपूर्ण घटक हैं। प्रौद्योगिकी क्रांति ने रेडियो को नए अवतार में पेश किया है। बीते वर्षों में देश में जो तकनीकी क्रांति हुई  है, उसने रेडियो और विशेषकर एफएम को भी नए अवतार में गढ़ा है। 

इंटरनेट के कारण रेडियो पिछड़ा नहीं, बल्कि ऑनलाइन एफएम  के जरिए इनोवेटिव तरीकों से सामने उभरकर आया है। देखा जाए तो ऑल इंडिया रेडियो अब ऑल इंडिया एफएम बनने की दिशा में बड़ा और महत्वपूर्ण कदम है। इसकी शुरुआत देश के 85 जिलों के दो करोड़ लोगों के लिए उपहार की तरह है। इसका काफी लाभ पूर्वोत्तर के लोगों को मिलेगा। इसके जरिए लोगों को सूचनाओं तक सस्ती पहुंच मिलेगी। ये एफएम ट्रांसमीटर कई सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे, चाहे वह समय पर सूचना का प्रसार हो, कृषि के लिए मौसम का पूर्वानुमान हो या महिला स्वयं सहायता समूहों को नए बाजारों से जोड़ना हो। वास्तव में सरकार लगातार टेक्नोलॉजी के लोकतंत्रिकरण के लिए काम कर रही है।  आज भारत में जिस तरह गांव-गांव तक ऑप्टिकल फाइबर पहुंचाया जा रहा है, मोबाइल और मोबाइल डेटा, दोनों की कीमत इतनी कम हुई है, जिसने जानकारी हासिल करना बहुत आसान बना दिया है। आने वाले समय में जीवन स्तर के सुधार में इन एफएम ट्रांसमीटर्स की अहम भूमिका रहेगी। 

ये भी पढे़ं- मुद्दे की बात