मुरादाबाद : फैशन डिजाइनर ने बेड रूम में फंदे से झूलकर दे दी जान

Amrit Vichar Network
Published By Priya
On

मुंबई से लौटी युवती के डिप्रेशन में होने का परिजनों ने किया दावा, खुदकुशी के कारणों की तहकीकात में जुटी सिविल लाइंस पुलिस

मुस्कान का फाइल फोटो

मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर की 25 वर्षीय एक फैशन डिजाइनर ने फंदे से झूलकर खुदकुशी कर ली। शुक्रवार को सुबह उसका शव बेडरूम में फंदे से लटका मिला। पुलिस खुदकुशी के कारणों की तलाश में जुटी है। परिजन करीब दो माह पहले मुंबई से लौटी डिजाइनर की मौत को अवसाद में उठाया गया कदम बता रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गले की हड्डी टूटने से मौत होने की पुष्टि की है। 

 सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में नवीन नगर निवासी चंद्र प्रकाश नारंग व्यापारी हैं। वह डिस्पोजल सामानों का कारोबार करते हैं। उनकी बड़ी बेटी मुस्कान मुंबई की एक कंपनी में फैशन डिजाइनर थी। होली के मौके पर मुस्कान मुंबई से वापस घर लौटी थी। गुरुवार रात परिजनों के साथ मुस्कान ने भी खाना खाया। इसके बाद वह अपने कमरे में सोने चली गई। मुस्कान का कमरा मकान की ऊपरी मंजिल है। सुबह परिजनों की नींद टूटी। आठ बजे तक परिजनों को मुस्कान की आहट नहीं मिली। तब उसकी मां व छोटी बहनें उसके कमरे के सामने पहुंची।
  
दरवाजा खटखटाते हुए मुस्कान को आवाज लगाई। मुस्कान ने कोई जवाब नहीं दिया। अनहोनी की आशंका से सहमे परिजनों ने खिड़की में झांककर देखा तो मुस्कान का शव फंदे के सहारे लटका दिखा। यह देख परिजनों में कोहराम मच गया। चीख पुकार के बीच पड़ोसी भी मौके पर आग गए। सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस ने धक्का देकर दरवाजा खोला। इसके बाद युवती का शव नीचे  उतरा गया। मृतका के गले पर फंदे के निशान मिले। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर व प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइंस गजेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंच गए।
 
पुलिस की फोरेंसिक टीम मौके पर बुलाई गई। साक्ष्य एकत्र करने के बाद पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। परिजनों से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि मुस्कान लंबे समय से अवसाद में थी। सीओ सिविल लाइंस के मुताबिक इससे अधिक कुछ और बताने की स्थिति में मृतका के परिजन नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने भी खुदकुशी की पुष्टि की है। गले की हड्डी टूटने से मुस्कान की मौत हुई है। घटना स्थल से कोई भी सुसाइड नोट पुलिस को नहीं मिला है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: कार ने बाइक को रौंदा, बालिका की मौत

संबंधित समाचार