IPL 2023 : बहुत ज्यादा रन देने का खामियाजा भुगतना पड़ा, LSG से मिली हार के बाद Shikhar Dhawan ने दी प्रतिक्रिया 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पंजाब किंग्स के बल्लेबाजी कोच वसीम जाफर ने कहा- यह ऐसा दिन था जब विरोधी टीम की हर रणनीति कारगर साबित हुई

मोहाली। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ आईपीएल के विशाल स्कोर वाले मैच में 56 रन से मिली हार के बाद पंजाब किंग्स के कप्तान शिखर धवन ने कहा कि उनकी टीम को फालतू रन देने का खामियाजा भुगतना पड़ा। पहले बल्लेबाजी के लिए भेजे जाने पर लखनऊ ने पांच विकेट पर 257 रन बनाए जो आईपीएल का दूसरा सर्वोच्च स्कोर है। जवाब में पंजाब की टीम एक गेंद बाकी रहते 201 रन पर आउट हो गई। धवन ने कहा, हमने बहुत रन फालतू दिये जिसका खामियाजा भुगतना पड़ा।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी के फैसले पर उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज को लेकर उतरने की रणनीति गलत साबित हुई जबकि केएल राहुल ने एक अतिरिक्त स्पिनर उतारा था। मैंने कुछ बदलने की कोशिश की जो आज नहीं चली लेकिन कोई बात नहीं । मेरे लिये यह अच्छा सबक है और अब मजबूती से वापसी करूंगा।

ऐसा दिन जब विरोधी टीम का हर दाव चल गया : जाफर 
पंजाब किंग्स के बल्लेबाजी कोच वसीम जाफर ने लखनऊ सुपर जाइंट्स से मिली करारी हार के बाद कहा कि यह ऐसा दिन था जब विरोधी टीम की हर रणनीति कारगर साबित हुई। लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आईपीएल के इतिहास का दूसरा सर्वोच्च स्कोर पांच विकेट पर 257 रन बनाये । जवाब में पंजाब की टीम 19.5 ओवर में 201 रन ही बना सकी । जाफर ने मैच के बाद कहा, यह ऐसा दिन था जब विरोधी टीम का हर दाव चल गया । लेकिन हमारे गेंदबाज मजबूती से वापसी करेंगे।

उन्होंने कहा, हमारे गेंदबाज नहीं चल सके । उन्होंने पावरप्ले में आक्रामक शुरूआत की और रूके ही नहीं। हर बल्लेबाज चला। आयुष बडोनी, मार्कस स्टोइनिस, निकोलस पूरन। जब कोई ऐसे खेलता है तो उसे रोकना मुश्किल होता है। पावरप्ले के बाद भी उन्होंने लय नहीं खोई। जाफर ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है लेकिन गेंदबाजों को बेहतर प्रदर्शन करना होगा । उन्होंने कहा, यह चिंता का सबब नहीं है । इससे पहले भी हमारे गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है । उनके लिये यह एक खराब दिन था । हमें प्लान बी रखना चाहिये था।

लखनऊ के नवाबों ने किया पंजाब में भागड़ा
मोहाली। कप्तान के एल राहुल के नेतृत्च वाली लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने शुक्रवार को पंजाब के मोहाली में पंजाब सुपर किंग्स के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुये 56 रन से बड़ी जीत दर्ज की। मोहाली के मैदान में लखनऊ के बल्लेबाजों ने पहले रनो की बरसात की जबकि बाद में गेंदबाजों ने कातिलाना गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए विकेटों का पतझड़ लगा दिया,नतीजन नवाबों की टीम ने शान के साथ एक बार फिर से अंक तालिका में अपनी स्थिति में सुधार करते हुये दूसरा स्थान हासिल किया। टास हार कर एलएसजी ने पहले बल्लेबाजी करते हुये पांच विकेट पर 257 रन बनाये जो इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास में अब तक का दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। रनों के पहाड़ के दवाब में आये पंजाब के शेर एक के बाद एक अपने विकेट गंवाते चले गये और पूरी टीम 19.5 ओवर के खेल में 201 रन बना कर पवेलियन लौट गयी। लखनऊ ने खेल के हर विभाग में पंजाब की तुलना में उम्दा प्रदर्शन किया। 

ये भी पढ़ें :  'अपराधी बनकर इस्तीफा नहीं दूंगा, साजिश के पीछे कुछ उद्योगपति', WFI प्रमुख बृजभूषण सिंह का बयान

संबंधित समाचार