खटीमा: कैंटर ने सड़क पर गिरे स्कूटी सवार दंपति को रौंदा, पिता-पुत्री की मौत
खटीमा, अमृत विचार। कैंटर ने यूपी सीमा से सटे पोलीगंज अस्पताल के पास पीलीभीत रोड पर टुकटुक की टक्कर से गिरे एक स्कूटी सवार दंपति व उनकी तीन वर्षीय पुत्री को रौंद दिया। हादसे में पिता व पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिससे नागरिक अस्पताल में लाया गया। सूचना मिलते ही बनबसा स्थित परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार शनिवार दोपहर जिला चंपावत के बनबसा के ग्राम फागपुर निवासी 42 वर्षीय हरदेव सिंह पुत्र गुरबचन सिंह अपनी पत्नी 40 वर्षीय सिमरन प्रीत तथा पुत्री तीन वर्षीय अर्शदीप के साथ स्कूटी यूपी के टांडा विजेंसी से होकर वापस बनबसा लौट रहे थे। इस बीच पीलीभीत रोड पर यूपी से सटे पोलीगंज अस्पताल के सामने दोपहर करीब 12:10 बजे टुकटुक की चपेट में आने से स्कूटी सड़क पर गिर गई तथा पीछे से आ रहे कैंटर ने तीनों को रौंदा दिया। हादसे में हरदेव सिंह, पुत्री अर्शदीप की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पत्नी सिमरनप्रीत गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा होते ही घटना स्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई।
घायल महिला को तत्काल पोलीगंज अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद 108 वाहन से खटीमा नागरिक चिकित्सालय भेज दिया। सत्रहमील पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया।
मृतक हरदेव सिंह के दामाद गुरमीत सिंह ने बताया कि परिवार में वह तीन भाई पूरन सिंह, हरदेव सिंह व सतनाम सिंह हैं। पूरन सिंह पूरनपुर में रहता है, जबकि दे भाई हरदेव सिंह व सतनाम सिंह बनबसा में खेती बाड़ी का कार्य करते हैं। ग्राम टांडा विजेसी में कुछ भूमि खरीद रखी थी। जिसकी देखभाल के लिए टांडा विजेसी आया था। वापस लौटते समय हादसा हो गया।
बताया गया कि मृतक पुत्री अर्शदीप कौर का चार मई को जन्मदिन था। जिसको लेकर पिता हरदेव सिंह व्यापक तैयारियां कर रहा था। नियति को कुछ और ही मंजूर था दोनों पिता पुत्री की हादसे में मौत हो गई। हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार में पत्नी सिमरन कौर बड़ा पुत्र शुभमन जीत कौर है। बताया गया है कि घटना के बाद चालक कैंटर लेकर भाग गया। सत्रहमील पुलिस चौकी इंचार्ज संदीप पिलख्वाल ने बताया कि पहले टुकटुक की टक्कर से स्कूटी गिरी और पीछे से कैंटर ने रौंद दिया। टुक-टुक व कैंटर को कब्जे में ले लिया है।
