सुरीली प्रशंसा करेंगीं शास्त्रीय संगीत से PHD, शास्त्रीय संगीत को पहचान दिला रही Kannauj की बेटी
कन्नौज की बेटी शास्त्रीय संगीत को दिला रही पहचान।
कन्नौज की बेटी शास्त्रीय संगीत को दिला रही पहचान। सुरीली प्रशंसा शास्त्रीय संगीत से पीएचडी करेंगीं। प्रख्यात म्यूजिक कंपनी टी-सीरीज ने गानों के वीडियो जारी किए।
कन्नौज, अमृत विचार। गुलशन कुमार की प्रख्यात म्यूजिक कंपनी टी-सीरीज के माध्यम से धाक जमा चुकी कन्नौज की बेटी प्रशंसा वर्मा अब भारतीय शास्त्रीय संगीत से पीएचडी करेंगीं। अभी वह संगीत से परास्नातक की पढ़ाई कर रहीं हैं। टी-सीरीज ने उनके गानों का यू-ट्यूब चैनल पर एलबम जारी किया है, जिससे उन्हें पूरी दुनिया में पहचान मिली है।
कम उम्र में राग-रागिनियों का ज्ञान कर देश भर में नाम रोशन करने वाली गायिका प्रशंसा वर्मा अब नवोदित पीढ़ी को संगीत की शिक्षा भी दे रहीं हैं। स्वयं भी संगीत की पढ़ाई कर रहीं हैं। छिबरामऊ शहर के मोहल्ला बजरिया निवासी व्यवसायी प्रबल वर्मा की बेटी प्रशंसा ने बचपन से ही गायिका बनने का सपना देखा और साकार किया। भारत रत्न लता मंगेशकर और पार्श्व गायिका श्रेया घोषाल को अपना आदर्श मानने वाली प्रशंसा की सोशल मीडिया पर जबरदस्त फैन फालोइंग है। टी-सीरीज से संगीत की शिक्षा प्राप्त करने वाली प्रशंसा ने कई स्टेज शो किए तो कई पुरस्कारों से भी नवाजा गया।
राज्यसभा टीवी के लिए गा चुकीं प्रशंसा
साल 2018 में गायिका प्रशंसा वर्मा ने राज्यसभा टीवी के लिए गाया तो कई सांसद उन के कायल हो गए। उनके गाए हिंदी गानों को टी-सीरीज ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर लांच किया है। इस चैनल पर उनके कई वीडियो एल्बम अपलोड हैं।
स्टारमेकर पर करतीं हैं लाइव शो
प्रशंसा ने बताया कि वह आनलाइन गायकी के सोशल मीडिया प्लेटफार्म स्टारमेकर पर प्रतिदिन तीन घंटे लाइव शो करतीं हैं। यहां आठ हजार से अधिक फालोवर्स हैं। स्टारमेकर की तरफ से उन्हे प्रतिमाह पारिश्रमिक भी दिया जा रहा है। बताया कि वह शास्त्रीय संगीत से पीएचडी करेंगीं।
