Rudrapur News: सामिया बिल्डर्स के खिलाफ खटीमा के युवक ने पुलिस को सौंपी तहरीर
रुद्रपुर, अमृत विचार। प्लाट के नाम पर करोड़ों की ठगी में फंसे सामिया इंटरनेशनल बिल्डर्स ग्रुप के खिलाफ एक के बाद एक शिकायती पत्र आते जा रहे हैं। अब खटीमा के एक युवक ने सामिया इंटरनेशनल बिल्डर्स ग्रुप पर फ्लैट देने के नाम पर चार लाख की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए तहरीर सौंपी है।
वहीं, सामिया बिल्डर्स के खिलाफ पुलिस को अब तक 27 शिकायती पत्र मिल चुके हैं जिस पर एसआईटी जांच कर रही है। इसमें कई मामले की जांच भी पूरी हो चुकी है।
सामिया इंटरनेशनल बिल्डर्स पर फ्लैट देने के नाम पर सोमवार को खटीमा निवासी राजकुमार ने चार लाख की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस कार्यालय में तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही बताया कि वर्ष 2011 में उसने सामिया लेक सिटी में एक फ्लैट लेने का आवेदन किया था।
किस्त के तौर उसने चार लाख रुपये भी जमा कर दिये, लेकिन अब तक उसे वहां पर फ्लैट नहीं मिल पाया है। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मामले में गठित एसआईटी शिकायती पत्रों की जांच कर रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना है कि सामिया बिल्डर्स के खिलाफ अब तक 27 शिकायती पत्र मिल चुके हैं।
यहां बता दें कि 14 अप्रैल को लालकुआं के रहने वाले ठगी के शिकार पांच लोगों ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर सामिया ग्रुप के मालिक जमील ए खान और निदेशक सगीर अहमद खान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस ने शिकायती पत्रों पर जांच पूर्ण करते ही पहले पांचों तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत किया और गाजियाबाद से ग्रुप के निदेशक सगीर अहमद खान की गिरफ्तारी की थी। साथ ही फरार जमील ए खान की सरगर्मी से तलाश जारी है।
