Hamirpur News : इकलौते भांजे की तालाब में डूबकर मौत, अपहरणकर्ताओं के डर से परिजनों ने भेज दिया था मामा के घर
हमीरपुर में इकलौते भांजे की तालाब में डूबकर मौत।
हमीरपुर के सुमेरपुर थानाक्षेत्र में मामा के घर पर रह रहे भांजे की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कार्रवाई शुरू की।
हमीरपुर, अमृत विचार। सुमेरपुर थानाक्षेत्र के ग्राम इंगोहटा में अपहरण के भय से अपने मामा के यहां रह रहे 12 वर्षीय इकलौते भांजे की सोमवार को तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना से इंगोहटा व मृतक के गांव कबरई में कोहराम मचा है। घटना की खबर पाकर मौके पर पहुंचे मृतक के माता पिता बिना पुलिस को सूचना दिए शव को लेकर कबरई ले गए हैं।
कबरई निवासी नरेश प्रजापति का पुत्र अनुज (12) दो माह पूर्व इंगोहटा निवासी अपने मामा मूलचंद्र प्रजापति के यहां आकर रहने लगा था। मामा ने उसका गांव के पैराडाइज स्कूल में कक्षा पांच में एडमिशन करा दिया था। मामा मूलचंद्र ने बताया कि दो माह पूर्व मृतक अनुज और उसके चचेरे भाई अंशुल (10) को अज्ञात बदमाश एक वाहन से अपहरण करके लिए जा रहे थे। खन्ना टोल प्लाजा में पुलिस के भय अपहरणकर्ता उन्हे छोड़कर भाग खड़े हुए थे। इस घटना से भयभीत अनुज के माता पिता ने उसे ननिहाल भेज दिया था।
सोमवार की दोपहर दो बजे तालाब में डूबने से उसकी मौत हो गई। बताया कि अनुज के नाना नानी गांव के बाहर नलकूप में रहते हैं। सोमवार दोपहर को अनुज उसकी पुत्री आरुषि के साथ उन्हें भोजन देने गया था। भोजन देने के बाद दोनों घर लौट रहें थे। तभी अनुज शौच के बहाने तालाब के पास रुक गया और ममेरी बहन आरुषि को घर भेज दिया। यह कहकर कि शौच कर वह भी आ रहा है। आरुषि के जाते ही वह कपड़े उतारकर तालाब में नहाने को कूद गया। गहराई में चले जाने से उसकी मौत हो गई। आसपास के लोगों ने उसे तालाब से बाहर निकाला।
मौत की खबर पाते ही परिवार में कोहराम मच गया। खबर पाकर मौके पर पहुंचे मृतक के माता-पिता बिना पुलिस को बताए मृतक पुत्र का शव लेकर कबरई चले गए। आगे क्या कार्रवाई होती है। शव का पीएम कराया जाता है या बिना पीएम के अंतिम संस्कार कर दिया गया है यह जानकारी नहीं है। इंगोहटा चौकी इंचार्ज जुबैर खान का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है और न ही किसी ने सूचना दी है।
