हल्द्वानी: वन अधिकारी-कर्मी को घर बनाने को मिलेगी मुफ्त लकड़ी
हल्द्वानी, अमृत विचार। वन विभाग अधिकारियों-कर्मचारियों को बड़ी सहूलियत देने जा रहा है। अब वन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को घर बनाने के लिए सर्विस पीरियड में एक बार न्यूनतम 2 व अधिकतम 5 घनमीटर निशुल्क लकड़ी दी जाएगी। वन मुख्यालय ने इसका आदेश जारी किया है।
वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को घर बनाने के लिए लकड़ी मुफ्त नहीं मिलती थी। जनता की तरह विभागीय अधिकारियों व कर्मियों को जेब ढीली करनी पड़ती थी जबकि वन विकास निगम में कर्मचारियों को यह सुविधा मिलती थी। इसके मद्देनजर वन विभाग के अधिकारी-कर्मी भी मुफ्त लकड़ी देने की मांग करते थे। इधर, बीती 27 अप्रैल को प्रमख वन संरक्षक विनोद कुमार ने विभागीय अधिकारी-कर्मी को निशुल्क लकड़ी देने के आदेश जारी किए हैं। इसमें घर बनाने के लिए न्यूनतम 2 व अधिकतम 5 घनमीटर लकड़ी मुहैया कराई जाएगी हालांकि इसका लाभ सेवाकाल में सिर्फ एक बार ही मिलेगा।। इसका फायदा में वन विभाग में तैनात 10 हजार से ज्यादा अधिकारी-कर्मचारियों को मिलेगा।
कर्मी को 2, अधिकारी को मिलती है 5 घनमीटर लकड़ी
वन विकास निगम के अनुसार, लकड़ी निशुल्क नहीं दी जाती है। वन निगम कर्मचारियों को भी बेस प्राइस का आधा (यानी 50 प्रतिशत) भुगतान करना पड़ता है। इसमें तृतीय श्रेणी कर्मचारियों को 2 और प्रथम श्रेणी अधिकारियों को 5 घनमीटर लकड़ी दी जाती है। इसी तर्ज पर वन विभाग में तृतीय श्रेणी को 2 और प्रथम श्रेणी अधिकारियों को 5 घनमीटर लकड़ी दी जाएगी।
