भाजपा सरकार पर खूब भड़के आजम, बोले- मेरे एक-एक लफ्ज से दुश्मन के सीने पर लगता है घूंसा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर, अमृत विचार। पूर्व मंत्री मोहम्मद आजम खां ने इस शेर से अपनी तकरीर का आगाज किया- शौक परवाज का रखते हो तो शाहीन बनो-वर्ना कव्वे भी हवाओं में उड़ा करते हैं। शाहीन बनने के लिए मुखालिफ हवाओं में उड़ने के लिए बड़ी हिम्मत की जरूरत है।

मजबूत इरादों और हौंसले से मंजिल तक पहुंचा जाता है अगर यह नहीं है तो कुछ नहीं है। कहा कि जहां से उन्होंने उड़ने की शुरूआत की थी तब मुखालिफ हवाएं थीं लेकिन, आज तो उनके मुखालिफ तूफान हैं।  मेरा हर लफ्ज दुश्मन के सीने पर एक घूंसा बनकर लगता है और हर लफ्ज पर एक मुकदमा कायम होता है। कहा कि जो उसूलों की कसौटी पर पूरे नहीं उतरते उनके तजकरे की जरूरत नहीं है।

शहर के मोहल्ला पक्का बाग स्थित एक मैरिज हाल में मंगलवार को शाम 4 बजे हुए नगर पालिका परिषद रामपुर की अध्यक्ष पद की प्रत्याशी फात्मा जबीं के समर्थन में हुई सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री ने अपने चिर-परिचित तेवर में महलों को निशाने पर लिया। कहा कि लोग महलों से आशीर्वाद लेकर निकलते हैं। कहा कि केंद्र और प्रदेश में अगर उनकी सरकार हो तो वह इस बस्ती को जमीन-आसमान के बीच कहां ले जाकर इस बस्ती को बसा दूं।

सोने और चांदी की सड़कें बिछवा दूं। उन्होंने कहा कि दो हजार बच्चे और बच्चियों से कलम छीन लेने वालों चाकू से रामपुर की पहचान बनाते हो। कहा कि हुकूमत की जिम्मेदारी है कि हर पैदा होने वाले बच्चे के हाथ में कलम होना चाहिए। कहा कि वह मेडिकल कालेज ने मेडिकल इंस्टीट्यूट बनाना चाहते थे एम्स से भी बड़ा होता। कहा कि इलाज के लिए लोगों को मुरादाबाद, बरेली, मेरठ नहीं जाना पड़ता। कहा यूनिविर्सटी जब बचेगी जब फात्मा जबीं और आसिम राजा बचेंगे। कहा कि 1977 जैसा हाल भी हमें याद है और आज का हाल भी देख रहे हैं। 

कहा कि शहर में चार-पांच फ्लाईओवर बनने थे लेकिन, नहीं बन सके। कहा कि पुलिस लाइन के सामने इमारत बनी खड़ी है वहां अधिकारी ट्रेनिंग लेने आते कितना कारोबार बढ़ता लेकिन, सब अधूरा पड़ा है। बाबे हयात, बाबे निजात और बाबुल इल्म से हमें महरूम कर दिया गया और चाकू थमाने की साजिश हो रही है। कहा कि हिन्दुस्तान तभी मुकम्मल होगा जब उसमें रामपुर होगा। लोगों का आह्वान किया कि वह इधर-उधर नहीं दौड़ें जिनके पीछे दौड़ रहे हैं उनके पास कोई मंसूबा नहीं है।

कहा कि लोग कहते हैं मैंने गलत काम किए हैं वह मुझे बताएं। कहा कि सबको जमीनों का मुआवजा दिलाया, घर के बदले घर दिलाया और जहां कालोनियां बनवाईं वह भी मुकदमें हमारे ऊपर हैं। कहा कि फात्मा जबीं के शौहर अजहर खां इस जुर्म में जेल में हैं कि पानी के ओवर हेड टैंक क्यों बनवाए गए। कहा कि सीवर लाइन और पार्क का पैसा सरकार ने दिया था। कहा कि अभी हमारा काम मुकम्मल नहीं हुआ है यूनिवर्सिटी बनाई है चलाई नहीं है। 

कहा कि हम जिंदा रहे तो इतने स्कूल बनाएंगे कि आने वाली पीढ़ियों को परेशानी नहीं होगी। कहा कि पहाड़ी गेट समेत तमाम दरवाजे टूटे पड़े हैं आज तक एक भी दरवाजा नहीं बन सका। कहा कि महलों का राज लौटने के मंसूबे बनाए जा रहे हैं। कहा कि कुछ लोगों ने अपनी नमाज के निशानों का सौदा कर लिया उनको अपना आईडियल मत बनाओ। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष की उम्मीदवार फात्मा जबीं ने भी जनसभा को संबोधित किया। कहा कि हक का रास्ता कभी नहीं छोड़ना चाहिए।

भाजपा के रोड शो पर किया तंज
आजम खां ने कहा कि सुना है आज मोहतरमा का रोड शो हुआ है। कहा कि सरकार जानती है कि हमें नहीं हराया जा सकता कहा कि वजारत के दौरान कभी हूटर नहीं बजाया। कहा कि कुछ लोग तो ऐसे हैं जोकि घर में पहुंच जाते हैं और उनकी गाड़ियों में हूटर बजते रहते हैं। ताकि, मोहल्ले के लोगों को पता चल जाए कि नेता आया है। कहा उन्हें तहसील से हुक्मनामा आया कि आपका वोट डालने का हक छीन लिया गया है।

कहा कि वोट मांगने का अधिकार नहीं छीना गया है कि मेरा यह हक है कि मैं हिन्दुस्तानी हूं और मेरे बुजुर्ग यहीं दफ्न हैं। कहा कि गमों का पोटला सर पर लेकर चलते हैं लेकिन, फिर भी सामने खड़े हैं। कहा कि किले का दरवाजा कभी भी गिर सकता है और उसके नीचे कितने लोग दबकर मर जाएंगे किसी को नहीं पता। कहा कि यह दरवाजे बरतानवी हुकूमत की अजमत की निशानी है।

यह भी पढ़ें- रामपुर : जया प्रदा ने आजम खां पर साधा निशाना, बोलीं- 100 प्रतिशत का नेता अब शून्‍य पर आ गया

संबंधित समाचार