निकाय चुनाव 2023: गोंडा में बोले केशव मौर्य- चुनाव बाद नगर पालिका में हुए भ्रष्टाचार की होगी जांच
गोंडा/अमृत विचार। प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव मौर्या ने कहा है कि निकाय चुनाव के बाद गोंडा नगर पालिका में हुए भ्रष्टाचार की जांच कराई जाएगी और उसमें जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। डिप्टी सीएम ने कहा कि लूट करने वाले छुट्टा नहीं घूमा करते।

डिप्टी सीएम ने सपा समेत अन्य विपक्षी दलों पर राजनीति के अपराधीकरण का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्षी दलों ने राजनीति को भ्रष्टाचार का माध्यम बना लिया था। अब सरकार इन सभी भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने अखिलेश यादव पर समाज को बांटने का आरोप लगाते हुए कहा कि अखिलेश समाज को बांट कर सत्ता में आने का सपना देख रहे हैं लेकिन उनका यह सपना कभी पूरा नहीं होगा।

प्रदेश के मुख्य उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मंगलवार को नगर पालिका परिषद प्रत्याशी लक्ष्मी रायचंदानी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने गोंडा पहुंचे थे।एलबीएस कॉलेज के बीएससी कैंपस में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। देश और प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन की सरकार अपने हर वादे को पूरा कर रही है। अपराधियों में भय का वातावरण है और जनता निर्भीक है। जनता के मन से अपराधियों का डर खत्म हो गया है।

भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मी रायचंदानी वोट देने की अपील करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि विकास के लिए लक्ष्मी की जरूरत होती है। डिप्टी सीएम ने कहा कि आने वाली 13 मई को निकाय चुनाव से सभी विपक्षी दलों का सूपड़ा साफ हो जाएगा। उन्होंने नारा दिया कि 13 मई सपा, बसपा व कांग्रेस यूपी से गई। इस पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोनों हाथ उठाकर उनका समर्थन किया।
बृजभूषण मामले पर बचते दिखे डिप्टी सीएम, कहा- हो रही जांच
अमृत विचार। भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ महिला पहलवानों की तरफ से दिल्ली में दर्ज कराई गई उत्पीड़न की एफ आई आर के मामले में कार्रवाई को लेकर जब उनसे सवाल किया गया तो वह इस पूरे प्रकरण से बचते नजर आए। महिला पहलवानों के आरोपों के सवाल पर डिप्टी सीएम ने सिर्फ इतना कहा कि मामले की जांच चल रही है।
यह भी पढ़ें:-UP Lekhpal Result 2023: यूपी लेखपाल का रिजल्ट जारी, एक क्लिक में चेक करें अपना परीक्षा परिणाम
