किच्छा: सस्ता मोबाइल दिलाने का झांसा दे 29 हजार की ठगी का आरोप
किच्छा, अमृत विचार। कंपनी के एजेंट पर कम कीमत में ऑनलाइन मोबाइल दिलाने का झांसा देकर करीब 29 हजार की ठगी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। न्यायालय के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी एजेंट के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। न्यायालय के निर्देश पर दर्ज रिपोर्ट में वार्ड नंबर 13, कैनाल कॉलोनी, किच्छा निवासी मोहम्मद अजीम ने बताया कि मुख्य बाजार किच्छा में उसकी मोबाइल टेलीकॉम की दुकान है।
वह विभिन्न कंपनियों के फोन फाइनेंस पर बेचने का कार्य करता है। पीड़ित व्यापारी ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व रुद्रपुर निवासी श्रवण कुमार वर्मा उनकी दुकान पर आया और खुद को रिलायंस रिटेल लिमिटेड/मेट्रोपोलिस मॉल, रुद्रपुर का एजेंट बताते हुए जिओ मार्ट डिजिटल का टैब सिस्टम लगाने का आग्रह किया। पीड़ित के अनुसार एजेंट श्रवण कुमार ने प्रत्येक मोबाइल के ऑनलाइन आर्डर करने पर आकर्षक कमीशन दिलाने का भरोसा दिलाते हुए दुकान में टैब सिस्टम लगा दिया।
पीड़ित अजीम ने बताया कि विगत 28 अगस्त को एजेंट श्रवण कुमार ने वनप्लस मोबाइल की खरीद करने पर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर मोबाइल का ऑनलाइन ऑर्डर करा दिया और 28 हजार 999 रुपए की धनराशि क्रेडिट कार्ड से जमा करा दी और 2 दिनों के भीतर मोबाइल पहुंचने का भरोसा दिलाया। पीड़ित के अनुसार कई महीने बीतने के बाद भी उसे मोबाइल फोन प्राप्त नहीं हुआ है जबकि उसके द्वारा कई बार आरोपी श्रवण कुमार वर्मा से संपर्क कर मोबाइल दिलाने का आग्रह किया गया। फिलहाल पुलिस में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
