बरेली : नगर निकाय चुनाव में वोट मांगने के दौरान दो पक्ष भिड़े, फायरिंग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रत्याशी समेत तीन लोग घायल, सीएचसी में भर्ती

बरेली/फरीदपुर, अमृत विचार। फरीदपुर के वार्ड-7 ऊंचा मोहल्ला में नगर निकाय चुनाव में वोट मांगने के दौरान सभासद पद के दो प्रत्याशी आमने- सामने आ गए। दोनों के समर्थकों के बीच मारपीट और फायरिंग हुई। जिसमें एक पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। मामले में पुलिस ने एक प्रत्याशी के भाई को हिरासत में लिया है।

ऊंचा मोहल्ला से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पूर्व सभासद ताजुद्दीन और मो. शफीक खां चुनाव लड़ रहे हैं। मंगलवार रात 9:15 बजे ताजुद्दीन समर्थकों के साथ वोट मांगने के लिए निकले थे। वहीं दूसरी ओर शफीक भी वोट मांग रहे थे। इसी दौरान दोनों प्रत्याशी और उनके समर्थक ऊंचा मोहल्ला में नसीमुद्दीन की डेयरी के पास आमने-सामने आ गए। ताजुद्दीन ने बताया कि उनके समर्थकों को देखकर शफीक और उसके समर्थक छींटाकशी करने लगे। बताया कि शफीक पक्ष का इरशाद गाली गलौज करने लगा। 

इसी बात को लेकर मारपीट शुरू हो गई। वहीं शफीक का आरोप है कि ताजुद्दीन और उनके समर्थक उन्हें देखकर छींटाकशी करते हुए शोर मचाने लगे, तभी विवाद शुरू हो गया। शफीक का आरोप है कि ताजुद्दीन पक्ष के लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। छर्रे लगने से शफीक, उनके समर्थक सईद और आसिफ घायल हो गए। पुलिस ने तीनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है। प्रकरण में पुलिस ताजुद्दीन के भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। फिलहाल, मामले में अभी तक किसी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं मिली है।

फायरिंग के बाद दहशत, फोर्स की तैनात
दो प्रत्याशियों के बीच हुई मारपीट और फायरिंग के बाद आसपास के लोग दहशत में आ गए। फायरिंग की सूचना पर मौके पर सीओ गौरव कुमार और इंस्पेक्टर दयाशंकर मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने पैदल गश्त की। मोहल्ले में फोर्स तैनात कर दी गई है। पुलिस ने लोगों को सख्त हिदायत दी है कि यदि किसी ने चुनाव के दौरान छींटाकशी की तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वार्ड- 7 ऊंचा मोहल्ला में ताजुद्दीन और शफीक के अलावा अन्य प्रत्याशी भी सभासद के लिए चुनाव मैदान में हैं। ताजुद्दीन पहले भी सभासद रह चुका है। इसलिए उसने जीत को प्रतिष्ठा मान लिया है। इसी आधार पर वह चुनाव मैदान में हर तरीका अपना रहा है। वहीं मोहम्मद शफीक पहली बार किस्मत आजमा रहा है। वह टेलर का काम करता है। मंगलवार को दोनों प्रत्याशी वोट मांगने के दौरान आमने सामने आ गए और देखते देखते गोलियां चलनी शुरू हो गईं। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने घरों के दरवाजे बंद कर लिए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस के सामने भी लोग मुंह खोलने को तैयार नहीं है। वहीं दोनों प्रत्याशियों के समर्थक भी भाग गए हैं। पुलिस उन्हें भी तलाश कर रही है। ताजुद्दीन के घर पर भी महिलाओं और बच्चों के अलावा कोई नहीं है।

सीओ ने दी चेतावनी
घटना के बाद सीओ गौरव कुमार और इंस्पेक्टर दयाशंकर ने ऊंचा मोहल्ला पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की। साथ ही सभी प्रत्याशियों को हिदायत दी कि वे लोग शांति बनाए रखें। आमने सामने आने पर कोई भी किसी पक्ष पर छींटाकशी न करें। यदि ऐसा हुआ तो कार्रवाई की जाएगी। सीओ ने कहा कि यदि कोई भी चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।

दोनों पक्षों में वोट मांगने को लेकर विवाद हुआ था। फायरिंग में तीन लोगों के छर्रे लगे हैं। घायलों को सीएचसी भेजा गया है। एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है-दयाशंकर, इंस्पेक्टर फरीदपुर।

ये भी पढ़ें- बरेली : मिला न्याय, आरती को 14 लाख 50 हजार रुपये का चेक सौंपा

संबंधित समाचार