मुरादाबाद: ध्रुव अपहरण कांड का खुलासा करने वाली टीम को किया सम्मानित
मुरादाबाद,अमृत विचार। स्थानीय स्तर से शासन तक हड़कंप मचाने वाले ध्रुव अपहरण कांड का खुलासा करने वाली टीम को आईजी ने सम्मानित किया। इतना ही नहीं इस पूरे आपरेशन में पुलिस का सहयोग करने वाले मोबाइल निजी कंपनियों के अफसरों को भी बुलाकर प्रशस्ति पत्र व प्रतीक चिंह्न दिए गए। अपहरण की यह वारदात सात …
मुरादाबाद,अमृत विचार। स्थानीय स्तर से शासन तक हड़कंप मचाने वाले ध्रुव अपहरण कांड का खुलासा करने वाली टीम को आईजी ने सम्मानित किया। इतना ही नहीं इस पूरे आपरेशन में पुलिस का सहयोग करने वाले मोबाइल निजी कंपनियों के अफसरों को भी बुलाकर प्रशस्ति पत्र व प्रतीक चिंह्न दिए गए।
अपहरण की यह वारदात सात अगस्त को मझोला थाना क्षेत्र में लाइनपार हुई थी। लाइनपार रामलीला ग्राउंड निवासी गौरव कुमार के बेटे ध्रुव का अपहरण हो जाता है। करीब सोलह घंटे बाद पुलिस नाटकीय अंदाज में ध्रुव को गाजियाबाद स्थित कौशांबी डिपो से एक रोडवेज बस से ध्रुव को बरामद कर लेती है। बाद में पुलिस मास्टरमाइंड की तलाश करनी शुरू कर देती है। पुलिस की कई टीमें लगातार खुलासे में काम करती है।
बाद में पुलिस अपहरण की मास्टरमाइंड ध्रुव की मां शिखा और उसके प्रेमी तेलंगाना में रहने वाले अशफाक को गिरफ्तार कर खुलासा कर देती है। पुलिस इस प्लान में शामिल टैक्सी चालक तेलंगाना निवासी इमरान खां को गिरफ्तार कर लेती है। इस खुलासे के बाद आईजी रमित शर्मा ने खुलासे में लगी पुलिस की टीमों के साथ ही अन्य तरह से सहयोग करने वालों को सम्मानित करने का निर्णय लिया था। इसी के तहत पुलिस लाइन में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
प्रशस्ति पत्र व प्रतीक चिह्न देकर किया सम्मानित
पुलिस लाइन में आयोजित सम्मान समारोह में आईजी रमित शर्मा ने सभी को प्रशस्ति पत्र व प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। सबसे पहले उन्होंने एसएसपी प्रभाकर चौधरी, एसपी सिटी अमित आनंद और एएसपी कुलदीप सिंह गुनावत को सम्मानित किया। इसके अलावा टीम में शामिल मझोला थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह, साइबर सेल प्रभारी सतेंद्र सिंह, मीडिया सेल प्रभारी प्रदीप मलिक के अलावा मोहित काजला, पंकज कुमार, अंकुल, आलोक त्यागी, राजीव, प्रशांत कुमार, अजय चौधरी व दीपक कुमार को सम्मानित किया। इनके अलावा विभिन्न मोबाइल कंपनियों के टेलीकॉम नोडल अधिकारी गगन नारायण झा, लोकेश कुमार, विशाल शर्मा, सचिन पंवार, इंडियन कुमार, अरुण कुमार और नसीम मंसूरी को भी पुरुस्कृत किया।
