मुरादाबाद : सूची से नाम गायब होने पर लोगों ने किया हंगामा, बूथ पर भाजपाइयों ने बीएलओ का किया घेराव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मौजूदा पार्षद पर लगाया सूची से नाम कटवाने का आरोप

मुरादाबाद, अमृत विचार। सदर कोतवाली क्षेत्र के टाउन हाल स्थित सरकारी अस्पताल में मौजूद बीएलओ पर मतदाता पर्ची नहीं बांटने का आरोप लगाकर कुछ लोगों ने हंगामा किया। भाजपा के प्रत्याशी व वोटरों ने मौजूदा पार्षद पर बीएलओ के साथ मिलकर मतदाता सूची से नाम काटने का आरोप भी लगाया। पुलिस ने लोगों को शांत कराया। जानकारी मिलने पर भाजपा नेत्री प्रिया अग्रवाल भी मौके पर पहुंच गई थी।

गुरुवार को शहर में शांति पूर्ण माहौल में मतदान शुरू हुआ। दोपहर 12 बजे टाउन हाल स्थित सरकारी अस्पताल पर बने मतदान केंद्र पर वार्ड 54 अताई मोहल्ले के लोग वोट डालने पहुंचे। लोगों को पता चला कि उनका नाम मतदाता सूची में नहीं हैं। 

उन्होंने बीएलओ से संपर्क किया। इस बीच भाजपा से पार्षद प्रत्याशी भी वहां पहुंच गए। लोगों ने उन्हे बताया कि उनका नाम सूची में नहीं है और मांगने पर बीएलओ भी पर्ची नहीं दे रहे हैं। इतना ही नहीं बीएलओ पर पैसे लेकर पर्ची नहीं बांटने का आरोप भी लगाया। लोगों का आरोप था कि मौजूदा पार्षद ने उनके नाम सूची से कटवा दिए। इस बीच भाजपा नेत्री प्रिया अग्रवाल भी वहां पहुंच गई। 

लोगों ने उनसे इसकी शिकायत की। वहीं, मतदान केंद्र पर तैनात बीएलओ ने पर्ची नहीं बांटने के आरोपों को गलत और मनगढ़ंत बताया है। कहा कि जो मतदाता उनके पास आ रहा है, उसे वह नई पर्ची भी दे रहे हैं।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : छिटपुट हंगामे के बीच हुआ मतदान, फर्जी वोटिंग के आरोप में कई जगह भिड़े प्रत्याशी व समर्थक

संबंधित समाचार