लखनऊ : मतदाताओं के दरोगा ने काटे चालान, महिलाओं से की अभद्रता
भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा, सपा नेता के पक्ष में वोट डलवाने का लगाया आरोप
लखनऊ, अमृत विचार। निकाय चुनाव को लेकर गुरुवार को हुए मतदान के दौरान शहर में कई जगहों पर अराजकता देखने को मिली। सिर्फ कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि पुलिस भी कुछ जगहों पर गड़बड़ी करती नजर आई। बाजारखाला कोतवाली क्षेत्र के रकाबगंज के कुंदरी प्राथमिक विद्यालय के समीप एक दरोगा मतदान के लिए आने वाले मतदाताओं के वाहनों के जबरन चालान काटते हुए दिखे। तो वहीं मतदाताओं ने दरोगा पर पार्टी विशेष के मद में मतदान करने के लिए मतदाताओं का दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रकाबगंज के तिलक नगर वार्ड स्थित कुंडरी प्राथमिक विद्यालय में बने पोलिंग सेंटर पर बाजारखाला के एसआई शैलेंद्र सिंह की ड्यूटी लगाई गई थी। गुरुवार दोपहर में एसआई मतदान के लिए सेंटर के बाहर बाइक लगाने वाले मतदाताओं की गाड़ियों का जबरन चालान काटने लगे। लोगों ने विरोध किया तो उन्हें धमकाया। इसके बाद उन्होंने सेंटर में मतदान के लिए जा रही महिलाओं को रोकने का प्रयास किया। वहीं सेंटर के अंदर मौजूद कुछ महिलाओं को फटकारते हुए बाहर निकाल दिया। मौके पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया तो उनकी एक न सुनी। इस दौरान कुछ मीडिया कर्मियों के साथ भी अभद्रता की गई।
उम्मीदवार के लिए की हां-हुजूरी
भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि एसआई शैलेंद्र के व्यवहार को लेकर उच्चाधिकारियों से शिकायत की गई, पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस दौरान एक पार्टी विशेष प्रत्याशी सेंटर पहुंचे तो एसआई ने कहा कि आप चिंता मत करिये, मैं यहां पर पूरी व्यवस्था देख लूंगा।
कोट
एसआई शैलेंद्र की चार-पांच सेंटरों पर ड्यूटी लगाई गई थी। भीड़ को संभालने और विधि व्यवस्था कायम रखने के उद्देश्य से सेंटर के बाहर वाहन लगाने वालों को रोका गया था। महिलाओं को सेंटर से बाहर निकालने जैसी कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर साक्ष्य समेत कोई शिकायत मिलती है तो निश्चित रूप से कार्रवाई होगी।
अजय नारायण सिंह, प्रभारी निरीक्षक, बाजारखाला
यह भी पढ़ें : बांदा : सपा प्रबुद्ध सभा जिलाध्यक्ष समेत डेढ़ सौ लोग भाजपा में शामिल
