UP Nikay Chunav 2023 : Banda में वोटों के सौदागरों ने सौदेबाजी की तेज, ‘निकाय चुनाव कैश करो, लूटो-खाओ ऐश करो’
बांदा में वोटों के सौदागरों ने सौदेबाजी तेज की।
बांदा में नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी तेज होते ही वोटों के सौदागरों ने भी सौदेबाजी तेज कर दी है। वोटों के यह सौदागर विभिन्न समाज व जातियों के लोगों पर अपना प्रभाव बताकर उम्मीदवारों से सौदेबाजी कर रहे हैं।
बांदा, अमृत विचार। UP Nikay Chunav 2023 नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी तेज होते ही वोटों के सौदागरों ने भी सौदेबाजी तेज कर दी है। वोटों के यह सौदागर विभिन्न समाज व जातियों के लोगों पर अपना प्रभाव बताकर उम्मीदवारों से मोटी रकम वसूल कर रहे हैं। उम्मीदवार भी जीत का सेहरा पहनने को कोई चूक नहीं करना चाहते, इसलिए दबे-छिपे उनकी मुटि्ठयां गरम की जा रही हैं। वैसे इन सौदागरों की भूमिका कोई नई नहीं है, लेकिन इस बार के चुनाव में ये सौदागर सभासद तक के चुनाव में हावी हैं।
वोटों के ये सौदागर विभिन्न मोहल्ले में अपना वर्चस्व प्रत्याशियों को दिखाने की कोशिश में जुट गए हैं। इन सौदागरों ने जाति-बिरादरी में अपने संगठन बना रखे हैं। प्रत्याशी को अधिक से अधिक वोट दिलवाने का लालच दिया जा रहा है। उनके द्वारा ऐसी स्थिति भी पैदा की जा रही है कि प्रत्याशी उनसे मिलें तो उम्मीदवारों को वोट के रूप में काफी फायदा हो सकता है। हरेक मोहल्ले का ठेका इन्हें दिया जा रहा है।
प्रत्याशी भी इकट्ठे वोट पाने की चाह में कोई चूक नहीं करना चाहते, इसी कारण वह भी इनके संपर्क में आने से स्वयं को रोक नहीं पा रहे। यह बाद की बात है कि इन सौदागर के कहने पर उनकी बिरादरी, जाति और मोहल्ला के लोग कितना वोट देता है। लेकिन इनकी सक्रियता फिलहाल चरम पर है।
