Murder in Haldwani: महिला का बेरहमी से कत्ल, सिर पर वार, गला घोटा
बरेली रोड के हैड़ागज्जर में अकेली रहने वाली 48 साल की महिला का रक्तरंजित शव उसके बाथरूम में मिला
बेटी का वॉकर लेने पहुंचे दामाद ने देखी सास की लहूलुहान लाश गुरुवार रात हुई हत्या, अगले दिन दोपहर लगा मौत का पता
हल्द्वानी, अमृत विचार। घर में अकेले रहने वाली एक महिला का गुरुवार रात बेरहमी से कत्ल कर दिया गया। उसके सिर पर वार किया गया और गला घोंट कर कातिल ने उसे मौत की नींद सुला दिया। घटना को अंजाम देने के बाद कातिल ने लाश को उसी के बाथरूम में छिपा दिया और मौके से फरार हो गया।
घटना का खुलासा अगले दिन दोपहर तब हुआ, जब उसका दामाद अपनी बेटी का वॉकर लेने पहुंचा। हत्या की सूचना मिलते ही एसएसपी समेत तमाम आलाधिकारी, डॉग स्क्वाड और फॉरेसिंक टीम मौके पर पहुंच गई। हालांकि कत्ल किसने और क्यों किया, पुलिस इसके जवाब तलाश रही है।
हैड़ागज्जर गोरापड़ाव बरेली रोड में रहने वाली नंदी देवी (48) पत्नी स्व.उमेश सम्मल यहां अकेली रहती हैं। उनकी तीन बेटियों रानी पत्नी लक्ष्मण बर्गली, सुनीता पत्नी पंकज चिलवाल व ममता पत्नी रोहित अपनी ससुराल में रहती हैं। जबकि इकलौता बेटा नीरज कत्ल के मामले में जेल में बंद है।
नंदी यहां अकेली रहती हैं और घर खर्च चलाने के लिए घर में परचून की दुकान चलाती हैं। 3-4 दिन पहले छोटी बेटी ममता अपनी मां नंदी के साथ रहने आई थी, लेकिन जाने से पहले अपनी बेटी का वॉकर वहीं भूल गई। शुक्रवार को छोटे दामाद रोहित को फूलचौड़ में एक शादी में जाना था।
उसने बेटी का वॉकर ले जाने के लिए सास नंदी को कई फोन किए, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला। जिसके बाद दोपहर करीब पौने 2 बजे वह ससुराल जा पहुंचा। उसने पाया कि घर का मुख्य दरवाजा खुला पड़ा है और ताला जमीन पर पड़ा था। बरामदे में खून था और दूसरा मुख्य द्वार भी खुला था।
तीन कमरों के घर में जब वह अंदर दाखिल हुआ तो नजारा देख कर सन्न रह गया। बाहर का कमरे में खून ही खून फैला था और किसी लाश को खींचे जाने के निशान फर्श पर थे। निशान के साथ वह बाथरूम तक पहुंचा तो वहां उसकी लाश की रक्तरंजित लाश पड़ी थी। सिर पर गहरा घाव था और गला उसी के दुपट्टे से कसा हुआ था। सकपकाये रोहित ने इसकी सूचना पड़ोसियों और पुलिस को दी।
हत्या की खबर मिलते ही एसएसपी पंकज भट्ट, एसपी क्राइम डॉ.जगदीश चंद्र, एसपी सिटी हरबंस सिंह, सीओ सिटी भूपेंद्र सिंह धौनी, कोतवाली और बनभूलपुरा थाना पुलिस के साथ कई चौकी प्रभारी मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंचे डॉग स्क्वाड को कोई सफलता हाथ नहीं लगी। जिसके बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके से कई साक्ष्य जुटाए।
घटना के अनावरण के लिए 4 टीमें गठित कर दी हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना स्थल के पास जिन लड़कों के विवाद की बात सामने आई है, फिलहाल उनका घटना से वास्ता नहीं लग रहा है। घटना में कोई करीबी शामिल हो सकता है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा हो सकता है।
-पंकज भट्ट, एसएसपी नैनीताल
कातिल तक पहुंचा सकता है घटना स्थल से मिला टिफिन
- हत्या के पीछे किसी अपने होने का शक पुख्ता कर रहा है टिफिन
- कोई आया, रुका, खाया और फिर कर दी नंदी की बेरहमी से हत्या
