रामनगर: महिला पहलवानों के समर्थन में विभिन्न संगठनों का सात मई को धरना          

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामनगर, अमृत विचार। यौन शोषण के आरोपी भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह शरण की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दिल्ली जंतर मंतर पर धरने पर बैठी महिला पहलवानों के आन्दोलन के समर्थन में रामनगर के विभिन्न संगठन सात मई को  धरना प्रदर्शन करेंगे। विभिन्न जन संगठनों के प्रतिनिधियों की एक बैठक लखनपुर, रामनगर में हुई।

बैठक में दिल्ली में जंतर - मंतर पर धरने पर बैठे पहलवानों के मसले पर व्यापक चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि मोदी सरकार पहलवानों को न्याय दिलाने के बजाय उनके उत्पीड़न पर उतारु है। बहुत मुश्किल से सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद बृजभूषण शरण सिंह पर एफआईआर दर्ज हुई लेकिन इसके बावजूद उसकी गिरफ्तारी नहीं हो रही है।

जबकि उस पर एक एफआईआर पोक्सो एक्ट के तहत दर्ज है। यह दिखलाता है कि किस तरह मोदी सरकार अपराधियों को संरक्षण रही है। इनका बेटी बचाओ - बेटी पढ़ाओ का नारा भी एक जुमला है। बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि सात मई रविवार को बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग के साथ लखनपुर, रामनगर में एक धरना दिया जायेगा।

धरना सुबह 11 बजे से शुरु होगा। बैठक में उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के महासचिव प्रभात ध्यानी, समाजवादी लोक मंच के संयोजक मुनीष कुमार, इंकलाबी मजदूर केंद्र के महासचिव रोहित रुहेला, महिला एकता मंच की कौशल्या , तुलसी जोशी, महेश जोशी शामिल थे।

 

संबंधित समाचार