UP Nikay Chunav 2023 : नगर पंचायत भरतकुंड भदरसा में सवर्ण व दलित मतदाता होंगे निर्णायक 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पूराबाजार/ अयोध्या, अमृत विचार। नगरीय निकाय चुनाव में भदरसा भरतकुंड नगर पंचायत में इस बार किसी भी प्रत्याशी के लिए जीत की राह आसान नहीं है। नए परिसीमन के बाद जुड़ी ग्राम पंचायतों और बढ़े वोटरों ने पिछले समीकरणों में उलटफेर कर दिया है। 
  
बता दें कि 11 मई को होने वाले मतदान में सपा से मोहम्मद राशिद, भाजपा से रामसेवक दास, काग्रेस से प्रकाश निषाद, बसपा से अब्दुल वफ़ा राजा और एआईआईएम से दानिश अंसारी, व एक निर्दलीय सहित कुल 6 प्रत्याशी अध्यक्ष पद के लिए मैदान में हैं। जबकि 18 वार्डों में सभासद पद के लिए 90 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे। इस बार अध्यक्ष पद पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित होने के कारण दलित व सवर्ण मतदाता इस चुनाव में निर्णायक की भूमिका में हैं। नगर पंचायत में उच्च वर्ग में ब्राह्मण लगभग 2000 और क्षत्रिय 400, और दलित मतदाताओं की संख्या 3200 है। वैसे तो नगर पंचायत में कुल मतदाताओं की संख्या 35035 है। जिसमें पुरुष 14810 और महिला मतदाताओं की संख्या 14225 है। जिसमें लगभग 10,307 मुस्लिम, 6200 निषाद, बनिया 2500, यादव 3000, कुर्मी 500, मौर्या 1000, और 3120 अन्य मतदाताओं की संख्या है। नए परिसीमन में 10 ग्राम पंचायतें नगर पंचायत में जुड़ीं हैं। पहले नगर पंचायत भदरसा कुल 11 वार्डों में 9840 मतदाता थे और नए परिसीमन में नंदीग्राम, कल्याण भदरसा,  पिपरी, भदरसा बाहर, नैपुरा, दोस्तपुर, मिर्जापुर निमोली, कैल केशवपुर, पिपरा ताल, विनायकपुर, ग्राम पंचायतों को जोड़कर नगर पंचायत भरतकुंड भदरसा के नाम से बनी है। यही कारण है कि सभी दलों के प्रत्याशी पूरी ताकत लगा रहे हैं। मतदाताओं का रुझान स्पष्ट न होने से ऊहापोह की स्थिति बरकरार है। 

चार बार समाजवादी पार्टी और एक - एक बार भाजपा - बसपा जीती 
नगर पंचायत के पुराने नतीजों के अनुसार यहां कांग्रेस के मोहम्मद अहमद 1971 से 1976 तक चेयरमैन रहे। भाजपा के सुरेंद्र देव 1989 से 1997 तक , उसके बाद निर्दल मोहम्मद अहमद 1997 से 2002 अध्यक्ष रहे। बसपा के राम बोध सोनी 2002 से 2006 तक, फिर सपा के मोहम्मद अहमद 2007 से 2012 तक, उसके बाद सपा के ही मोहम्मद अहमद ने 2012 नगर पंचायत अध्यक्ष का चुनाव जीता लेकिन 2015 में मृत्यु हो गई, 2016 के उपचुनाव में मोहम्मद अहमद के पुत्र मोहम्मद राशिद विजयी हुए।  2017 के चुनाव में अध्यक्ष पद पर सपा की रेहाना बेगम विजई हुई जो 2022 तक अध्यक्ष पद पर थी। 

पांच प्रत्याशी भदरसा से जबकि एक पिपरी से
सपा के मोहम्मद राशिद, बसपा के अब्दुल वफ़ा राजा, कांग्रेस के प्रकाश निषाद, एआईआईएम के दानिश अंसारी और एक निर्दलीय समय पांच प्रत्याशी भदरसा बाजार से हैं। वहीं भाजपा के रामसेवक दास नए परिसीमन में शामिल पिपरी ग्राम पंचायत के निवासी हैं जो अध्यक्ष पद के चुनाव में प्रत्याशी हैं।

ये भी पढ़ें -  कांग्रेस ने BJP उम्मीदवार पर मल्लिकार्जुन खरगे और उनके परिवार की हत्या की साजिश रचने का लगाया आरोप  

संबंधित समाचार