काशीपुर: अब एप पर दर्ज होगी प्राचार्यों समेत स्टाफ की उपस्थिति

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

 काशीपुर, अमृत विचार। मनमानी कर महाविद्यालय से गायब रहने वाले प्राचार्य समेत स्टाफ के खिलाफ विभाग सख्त हो गया है। निदेशालय ने प्राचार्यों को मोबाइल एप पर एक सप्ताह तक ट्रायल तौर पर उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। जिसकी मॉनिटरिंग शासन व निदेशालय स्तर पर ऑनलाइन की जाएगी।

शनिवार को हल्द्वानी से उच्च शिक्षा प्रभारी निदेशक प्रो. सीडी सूंठा ने समस्त महाविद्यालयों के प्राचार्यों को पत्र जारी कर कहा कि महाविद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षक, शिक्षणेत्तर, अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की मोबाइल एप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रथम चरण में एक सप्ताह तक पाइलेट परीक्षण के तौर पर प्राचार्यों की उपस्थिति दर्ज कराई जाएगी।

इसके बाद सफलता मिलने पर द्वितीय चरण में प्राध्यापकों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति मोबाइल एप पर दर्ज कराई जाएगी। प्राचार्यों की उपस्थिति शासन और निदेशालय स्तर पर ऑनलाइन मॉनिटरिंग करने को कहा है। पिछले सप्ताह भी संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा देहरादून ने प्राचार्यों को पत्र जारी कर कहा था कि 27 अप्रैल को एक शिकायती पत्र डाक के माध्यम से प्राप्त हुआ है।

जिसमें राजकीय महाविद्यालयों के प्राचार्यों की उपस्थिति के संबंध में शिकायत की गई है। जिसका संज्ञान लेकर महाविद्यालय में नियमित रूप से बायोमेट्रिक उपस्थित दर्ज कर मासिक सूचना उपलब्ध कराने के प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं। बता दें कि रूद्र प्रताप सिंह ने संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा देहरादून को शिकायती पत्र भेजकर कहा था कि कई राजकीय महाविद्यालयों में प्राचार्य किसी सप्ताह या तो आते नहीं या सप्ताह में एक या दो दिन आते हैं। साथ ही जिस दिन महाविद्यालय आते हैं, उस दिन उनके महाविद्यालय में आने जाने का कोई समय नहीं होता।

साथ ही ठहराव की समयावधि एक या दो घंटे की भी नहीं है। उन्होंने प्राचार्य की मनमानी को रोकने के लिए महाविद्यालय में ठहराव के शख्त नियम बनाने, निदेशालय स्तर पर इनकी बायोमेट्रिक रिपोर्ट तलब करने, छात्रों के भविष्य को देखते हुए उत्तराखंड उच्च शिक्षा की छवि को महत्व देकर शख्त नियम बनाने, छात्र-छात्राओं के लिए एक शिकायत प्रकोष्ठ बनाने की मांग की थी। शीघ्र ही कार्रवाई नहीं होने और महाविद्यालयों में चल रही अनियमितता के खिलाफ आंदोलन करने की चेतावनी दी थी। 

संबंधित समाचार