काशीपुर: वाहन से कुचलकर हत्या करने के प्रयास का आरोप
काशीपुर, अमृत विचार। कुंडेश्वरी में परिचित से मिलने गए युवक ने क्षेत्र निवासी व्यक्ति पर कार से कुचलने के प्रयास का आरोप लगाया है। इस दौरान युवक ने एक घर में घुसकर अपनी जान बचाई। एएसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया है।
कुण्डेश्वरी एस्कार्ट फार्म निवासी विपुल कुमार ने एएसपी को दिए पत्र में बताया कि 26 अप्रैल दोपहर में वह ग्राम कुंडेश्वरी में अपने परिचित से मिलने गया था। वापसी के लिए जब वह अपनी कार में बैठने लगा। तभी अचानक संदीप चौधरी निवासी कुण्डेश्वरी व उसके अन्य साथियों ने जान से मारने की नीयत से उसे कार से कुचलने का प्रयास किया।
इस दौरान उसने किसी तरह भागकर एक घर में घुसकर अपनी जान बचाई। जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गये। पीड़ित ने बताया कि मामले में उसने कुण्डेश्वरी एवं थाना काशीपुर में लिखित शिकायत भी की। लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावर उस पर पूर्व में भी जानलेवा हमले कर चुके हैं। पुलिस ने एएसपी के आदेश पर आरोपी संदीप चौधरी के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
