खटीमा पुलिस ने काशीपुर से दबोचा करोड़ों की धोखाधड़ी का आरोपी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खटीमा, अमृत विचार। कोतवाली पुलिस ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, राजस्थान, मध्यप्रदेश आदि राज्यों में जेकेवी मल्टी स्टेट क्रेडिट को-आपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड के नाम से कंपनी बनाकर एफडी, आरडी, सेविंग एकाउंट में जमा करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी के आरोपी कंपनी के डायरेक्टर व वाइस प्रेसिडेंट यूपी के ठाकुरद्वारा के आरोपी सलीम अहमद को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने आरोपी को काशीपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। बताया गया कि आरोपी ने अकेले खटीमा क्षेत्र से वर्ष 2014 से कुल 956 लोगों का करीब 1 करोड़ 27 लाख रुपए का गबन किया।
   

मामले का खुलासा करते हुए सीओ वीर सिंह ने बताया कि चकरपुर पुलिस चौकी इंचार्ज प्रियांशु जोशी, कमल पाल ने यूपी के जिला मुरादाबाद, ठाकुरद्वारा के फतेहउल्लागंज, वार्ड संख्या 19 निवासी आरोपी सलीम अहमद उर्फ हाफिज सलीम अहमद पुत्र कल्लू खान को शुक्रवार को काशीपुर ढेला पुल के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार खटीमा कोतवाली में दर्ज रिपोर्ट में नामजद आरोपी सलीम अहमद जेकेवी मल्टी स्टेट क्रेडिट को-आपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड का डायरेक्टर एवं वाइस प्रेसिंडेंट था। आरोपी उक्त कंपनी के माध्यम से उत्तराखंड के अलावा यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान आदि राज्यों में ब्रांच खोलकर भोले-भाले लोगों को अधिक ब्याज का लालच देकर एफडी, आरडी, सेविंग एकाउंट आदि के नाम पर करोड़ों रुपए सोसाइटी के विभिन्न खातों में जमा करवाकर लोगों के साथ धोखाधड़ी कर उक्त पैसा गबन कर लिया।

बताया कि अकेले खटीमा क्षेत्र से वर्ष 2014 से 956 लोगों का 1.27 करोड़ रुपए का गबन किया। इस पर वर्ष 2021 में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। एसआई प्रियांशु जोशी ने बताया कि आरोपी सलीम अहमद के बैंक खातों को खंगाला जा रहा है तथा चल-अचल संपत्ति की जांच की जा रही है। आरोपी को पुलिस न्यायालय में पेश किया गया। इस मामले में आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस क्षेत्राधिकारी वीर सिंह के नेतृत्व में कोतवाल नरेश चौहान, एसएसआई अशोक कुमार जुटे रहे। 

संबंधित समाचार