बहराइच: किसान का फंदे से लटकता मिला शव, बेटी ने मां पर लगाया हत्या करवाने का आरोप
जरवलरोड/ बहराइच, अमृत विचार। जिले के पारा परशुरामपुर गांव निवासी एक किसान शनिवार रात को मक्के की खेत की रखवाली के लिए गया। उसका शव रविवार सुबह खेत में बबूल के पेड़ से लटकता मिला शव जमीन से लगा हुआ था। किसान की बेटी ने मां पर प्रेमी से हत्या करवाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जरवल रोड थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पारा परशुरामपुर निवासी लालू (40) पुत्र सुंदर किसान था। किसान के खेत में मक्के की फसल लगी हुई है। जिस पर वह प्रतिदिन रात को फसल की रखवाली के लिए खेत को जाता था। शनिवार रात को खाना खाने के बाद किसान फसल की रखवाली के लिए चला गया। रविवार सुबह किसान का शव खेत में लगे बबूल के पेड़ से फंदे से लटकता मिला। इस पर हड़कंप मच गया। गांव के लोग काफी संख्या में पहुंचे। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने मौके पर उप निरीक्षक राम सहोदर तिवारी, एसआई आनंद सिंह, अमर जीत यादव, राम नरेश यादव, तेज प्रताप, अखिलेश और प्रदीप को भेजा। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक किसान की बेटी राधा ने मां पर प्रेमी से हत्या करवाए जाने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि मां का पड़ोस के गांव निवासी ग्रामीण से प्रेम प्रसंग चल रहा है। उसकी शादी इसी माह होने के बाद से मां पिता को रास्ते से हटाने में लग गई। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि बेटी ने आरोप लगाए हैं, शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई होगी।
शव के पास नहीं पहुंची महिला
पारा परशुराम पुर गांव निवासी लालू कासव रविवार को खेत में प्लास्टिक की रस्सी से फंदे से लटकता मिला। ससुराल से आई बेटी और परिवार के अन्य लोग शव के पास बिलख रहे थे। लेकिन किसान की पत्नी लज्जावती शव के नजदीक तक नहीं गई। वह काफी दूरी पर पूरे समय बैठी रही।
ये भी पढ़ें -बहराइच: गांव में चार मकानों का ताला तोड़कर लाखों की चोरी
