भीमताल: आजादी के बाद भी बिरसिंग्या के ग्रामीणों को नहीं मिला सड़क का सुख 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भीमताल, अमृत विचार। धारी ब्लॉक की ग्राम सभा बबियाड़ के तोक बिरसिंग्या के ग्रामीणों ने रविवार को विधायक राम सिंह कैड़ा को बिरसिंग्या सड़क मार्ग निर्माण को लेकर ज्ञापन सौंपा। 

ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य सड़क से पांच किलोमीटर दूरी पर स्थित अनुसूचित जाति बहुमूल्य क्षेत्र बिरसिंग्या में आजादी से आज तक गांव की सड़क के लिए ग्रामीण लड़ते आ रहे हैं, लेकिन क्षेत्र के प्रतिनिधियों की ओर से ग्रामीणों को झूठा आश्वासन दिया जा रहा है, चुनाव के समय प्रतिनिधियों की ओर से सड़क का सर्वे भी किया जा रहा है लेकिन चुनाव जीतने के बाद सड़क नहीं बनवाई जा रही।

सड़क नहीं होने से किसानों पकी फसल को मंडी तक नहीं पहुंचा पा रहे। स्कूल दूर होने की वजह से बालिकाओं को शिक्षा ग्रहण करने में दिक्कत आ रही। गर्भवती महिलाओं को प्रसव के समय डोली या चारपाई में मुख्य सड़क तक पहुंचाया जाता है, लेकिन फिर भी सरकार खामोश है। ग्रामीण बार-बार सरकार से अनुरोध कर थक चुके हैं, जिसके लिए ग्रामीण वन विभाग को 90 हेक्टेयर भूमि हस्तांतरण भी कर चुके हैं।

सरकार की ओर से वन विभाग को 53 लाख की धनराशि जमा करनी थी जो लंबा समय बीतने के बाद भी जमा नहीं हो पाई है, जिसके चलते सड़क निर्माण कार्य नहीं हो पा रहा है। विधायक राम सिंह कैड़ा ने तत्काल ईई भवाली पीडब्ल्यूडी से दूरभाष पर बात कर रोड निर्माण की उन्नति रिपोर्ट की जानकारी ली।

ईई ने बताया कि 53 लाख की क्षतिपूर्ति जमा करने के लिए शासन को प्रस्थाव भेजा गया है। इसके बाद विधायक ने ग्रामीणों से कहा कि अपने स्तर से प्रबल स्तुति भेजेंगे। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि शीघ्र रोड का निर्माण होगा। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता रमेश चंद्र टम्टा, मोहन चन्द्र, प्रमोद कुमार, विनोद कुमार आदि लोग मौजूद रहे।

संबंधित समाचार