रामपुर: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, बेटी को आनन-फानन में किया विदा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दुल्हन के मामा सहित आठ रिश्तेदारों की मौत के बाद मचा कोहराम

रामपुर, अमृत विचार। काशीपुर-दलपतपुर मार्ग पर हुए सड़क हादसे में भांजी की शादी में शामिल होने आ रहे मामा सहित करीब आठ लोगों की मौत हो जाने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। रसूलपुर से आई बरात को परिजनों ने स्वागत करने के बाद आनन-फानन में बेटी का निकाह कराकर रुख्सत कर दिया। उसके बाद सभी लोग भोजपुर के लिए रवाना हो गए। ससुराल के लोगों को भी काफी सदमा हुआ है। 

अजीमनगर थाना क्षेत्र के गांव खेमपुर निवासी अनसार ने अपनी बेटी शायवा का निकाह रसूलपुर के रहने वाले नदीम से तय किया था। रविवार को कोतवाली थाना क्षेत्र के तोपखाना रोड स्थित फिजा मैरिज हाल में बरात आनी थी। दुल्हन पक्ष के लोग मैरिज हाल पहुंच गए थे जबकि बरात को दोपहर में आना था।

इस दौरान भोजपुर के गांव कोरवाकु के रहने वाले अब्बास उसका भाई शब्बीर दोनों लोग परिजनों के साथ अपनी भांजी की शादी में शामिल होने के लिए  पिकअप से रामपुर स्थित फिजा मैरिज हाल में शामिल होने आ रहे थे। रास्ते में सामने से आ रहे वाहन ने  पिकअप में टक्कर मार दी थी।

हादसे के बाद पिकअप गड्ढे में जाकर पलट गई थी।जिसमे काफी लोग दब गए थे। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए थे।जिसमें महिलाओं सहित आठ लोगों की मौत हो गई। इधर अनसार बरातियों के स्वागत की  तैयारियां कर रहे थे।

इसी बीच जब उनको इस हादसे  की जानकारी मिली,तो परिजनों के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। उसके बाद बरात मैरिज हाल पर पहुंच गई। अनसार ने आनन-फानन में बरात का स्वागत करके अपनी बेटी का निकाह कर दिया। बेटी के विदा होते ही पूरा परिवार मुरादाबाद के लिए रवाना हो गया।  परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दौरान बहुत से लोग बिना खाना खाए ही चले गए।
     
  
यह भी पढ़ें- रामपुर: ढाई करोड़ की स्मैक के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस को काफी दिन से थी तलाश

संबंधित समाचार