लखनऊ : सपा ने फिर से की निर्वाचन आयोग से शिकायत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, लखनऊ । मीरजापुर की छानबे सुरक्षित व रामपुर की स्वार विधानसभा सीटों के लिए चल रहा चुनाव प्रचार सोमवार की शाम समाप्त हो गया। यहां 10 मई को मतदान होगा। इसके लिए 9 मई को पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। उधर, आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में समाजवादी पार्टी ने फिर से भारत निर्वाचन आयोग को पत्र भेजा।

मुख्य निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मीरजापुर व रामपुर के जिला निर्वाचन अधिकारियों को स्वतंत्र व निष्पक्ष मतदान कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही, सभी को पुख्ता तैयारियां करने को कहा गया है। इस बीच, सपा के पूर्व सांसद अरविंद कुमार सिंह की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त पत्र में भेजी गई शिकायत में छानबे सीट के उप चुनाव में सत्तापक्ष भाजपा व अपना दल पर सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर चुनाव को प्रभावित करने का आरोप लगाया गया है।

कहा गया है कि दोनों दलों के नेता सपा समर्थक प्रधानों, प्रमुख कार्यकर्ताओं व नेताओं पर फर्जी मुकदमे कायम कराकर उन्हें जेल भेजने की साजिश कर रहे हैं। ऐसा संज्ञान में आया है कि भाजपा व अपना दल के जिलाध्यक्षों ने सपा के प्रमुख कार्यकर्ताओं को चिन्हित कर उन पर दबाव बनाने के लिए उनके नाम पुलिस को दिये हैं जिन्हें पुलिस लगातार प्रताड़ित कर रही है। प्रताड़ित लोगों में प्रधान मिश्रपुर बऊ यादव, प्रधान खैरा आशीष यादव, प्रधान पंजरा, सुब्बालाल, ग्राम जयकरकलां निवासी गणेश यादव, ग्राम सोनबरसा निवासी योगेश यादव व ग्राम बरडीहा निवासी आरडी यादव के नाम प्रमुख हैं। कहा गया है कि प्रधान मिश्रपुर को पुलिस उठा ले गई है। मालूम हो कि सपा ने बीते दिन भी भारत निर्वाचन आयोग को शिकायती पत्र भेजकर मंत्री आशीष पटेल पर आचार संहिता का उल्लंघन का आरोप लगाया था।

ये भी पढ़ें - गोंडा : तेज रफ्तार स्कार्पियो ने भैंस चरा रहे युवक को मारी ठोकर, युवक की मौके पर ही हुई मौत

संबंधित समाचार