लखनऊ : मेगा ट्रेंड्स ने दिया ब्लेज विलो को मात, पहुँचा सेमीफाइनल में..
अमृत विचार, लखनऊ । मैन ऑफ द मैच मो. अनस ( 3 विकेट ) की उपयोगी गेंदबाजी के बाद बल्लेबाजों के उम्दा प्रदर्शन से मेगा ट्रेंड्स क्रिकेट क्लब ने प्रथम व्यूज एडवरटाइजिंग अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में ब्लेज विलो क्रिकेट क्लब को 3 विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
आरआर क्रिकेट स्टेडियम पर खेले गए मैच में ब्लेज विलो क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 40 ओवर में 8 विकेट पर 238 रन का स्कोर बनाया। सलामी बल्लेबाज वात्सल्य श्रीवास्तव ( 77 रन, 86 गेंद, 9 चौके, दो छक्के ) ने टीम को उम्दा शुरुआत दी। उनके बाद महेंद्र प्रताप सिंह ने 40 गेंद पर 6 चौके व एक छक्के से नाबाद 59 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। मेगा ट्रेंड्स से मोहम्मद अनस ने तीन विकेट हासिल किए। निशांत यादव, अभिनव मौर्या, रूद्रांश और विद्यांश को एक-एक विकेट मिले।
जवाब में मेगा ट्रेंड्स ने 38.5 ओवर में 7 विकेट पर 241 रन बनाकर मैच जीत लिया। आयुष कुमार ने 68 गेंदों पर 5 चौके व एक छक्के से 50 रन बनाये। सौरभ कुमार गौतम ने 50 गेंदों पर 8 चौके से 52 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। रुद्रांश ने 35 और सुंदरम त्रिपाठी ने 24 रन का योगदान किया। ब्लेज विलो क्रिकेट क्लब से आर्यन गुप्ता ने दो जबकि कृष्णा त्रिपाठी, विशाल चौहान और सत्यम पाण्डेय ने एक-एक विकेट हासिल किए।
ये भी पढ़ें - प्रयागराज : अमिताभ बच्चन स्टेडियम से निकली खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की मशाल रैली
