बदायूं : डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- सपा तो अब हो गई समाप्तवादी पार्टी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

निकाय चुनाव का परिणाम आने के बाद होगा लोकसभा चुनाव का आगाज, सपा, बसपा और कांग्रेस का हो जाएगा सूपड़ा साफ, प्रदेश में चल रही है भाजपा की लहर

बदायूं /दातागंज, अमृत विचार: प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को यहां दातागंज में भाजपा प्रत्याशी नैना गुप्ता के समर्थन में आयोजित जनसभा में सपा समेत सभी विपक्षी पार्टियों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा तो अब समाप्तवादी पार्टी हो गई है। प्रदेश में केवल भाजपा की लहर चल रही है, जिसकी आंधी में सपा, बसपा और कांग्रेस का पूरी तरह सूपड़ा साफ हो जाएगा।

सोमवार को दातागंज पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा प्रत्याशी नगर पालिका परिषद से भाजपा प्रत्याशी नैना गुप्ता के समर्थन में जनसभा की। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव का परिणाम आगामी लोकसभा का आगाज होगा। यूपी में गुंडा और माफियाओं का अंत हो गया है। उनका स्थान सिर्फ जेल है, या फिर गुंडा माफिया प्रदेश छोड़कर कर भाग रहे हैं। योगी सरकार में कानून व्यवस्था कायम है।

यहां व्यापारी वर्ग को विकास व सुशासन की गांरटी मिल रही है। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा और कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में तो खुद का विकास किया। भाजपा सबका साथ, सबका विकास की बात करती है। डिप्टी सीएम ने कहा कि अखिलेश यादव मुस्लिम और यदुवंश वोट को अपनी जागीर समझते हैं। अखिलेश यादव को याद रहना चाहिए उनकी राजनीतिक जमीन बिक चुकी है।

2017 में जब मैं प्रदेश अध्यक्ष था, और उस दौर में भाजपा की सरकार बनी थी। तबसे अखिलेश यादव सोचते हैं कि मानो उनकी कुर्सी छीन ली हो। अखिलेश यादव मुझे डिप्टी सीएम नहीं चपरासी बोलते हैं, यह भाषा एक पूर्व मुख्यमंत्री की नहीं हो सकती। बोले- मैं प्रयागराज त्रिवेणी से हूं, लेकिन अगड़े-पिछड़े की बात नहीं करता, मैं सर्व समाज की बात करता हूं।

उन्होंने कहा कि यहां की जनता ने भाजपा का सांसद और विधायक दो बार चुनकर भेजा है। निकाय चुनाव में भी भाजपा प्रत्याशी को रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाएं। यहां के सांसद और विधायक हमेशा क्षेत्र के विकास के लिए तत्पर रहते हैं। विधायक के प्रयास से मैंने रामगंगा पुल का निर्माण कराया, जिसकी वजह से इस क्षेत्र के 70 गांवों के लोगों को इस पुल का फायदा मिल रहा है।

डिप्टी सीएम ने कहा कि यहां निकाय चुनाव के दूसरे चरण में 11 मई को मतदान होना है, जिसको लेकर सभी पार्टियां अपने-अपने दांव आजमा रही है। हम यहां चुनाव प्रचार ही नहीं, बल्कि विपक्षियों पार्टी के प्रत्याशियों की जमानत जब्त  कराने आए हैं। उन्होंने कहा कि आपने डबल इंजन की सरकार तो बना दी, अब आप ट्रिपल इंजन की सरकार बनाएं।

उन्होंने कहा कि आप सबने अपने आशीर्वाद से सपा, बसपा, कांग्रेस के लोगों को आईसीयू में भेज दिया है। चारों तरफ भाजपा का परचम लहरा रहा है, जो सुशासन और विकास का प्रतीक है। अब सबका साथ और सबका विकास नजर आयेगा। कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रशेखर श्रीवास्तव और निर्दलीय प्रत्याशी मो. इश्हाक ने भाजपा प्रत्याशी नैना गुप्ता को अपना समर्थन दे दिया है।

इस मौके पर भाजपा सांसद धर्मेंद्र कश्यप, सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य, जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता, विधायक राजीव कुमार सिंह बब्बू भैया, विधायक हरीश शाक्य, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी आशीष शाक्य भाजपा नेता विमल श्रीवास्तव के अलावा के राजेश प्रजापति, हेम चन्द्र गौतम, दीपक गुप्ता, राजेश यादव, विनोद अग्रवाल, पूर्व चेयरमैन मो. इश्हाक, सत्य शेखर, तेजपाल सागर, पूर्व मंत्री हीरालाल कश्यप आदि मौजूद रहे। संचालन स्वत्रंत प्रकाश गुप्ता ने किया।

ये भी पढ़ें - बदायूं पहुंचे सीएम योगी, बोले- नो कर्फ्यू... नो दंगा, अब यूपी में सब चंगा

संबंधित समाचार