CM Yogi In Chitrakoot: सीएम बोले- राम के अस्तित्व पर सवाल और लोहिया के नाम पर राजनीति, अराजकता को बढ़ावा देती सपा
सीएम योगी आदित्यनाथ ने चित्रकूट में सपा पर तंज कसा।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने चित्रकूट में सपा पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि राम के अस्तित्व पर सवाल और लोहिया के नाम पर राजनीति करती है। इसके साथ ही कहा कि नकारात्मकता, अराजकता, परिवारवाद को बढ़ावा देने वाली सपा है।
चित्रकूट, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाती है और डा. लोहिया के नाम पर राजनीति करती है, जिन्होंने चित्रकूट में राष्ट्रीय रामायण मेला की शुरुआत की। बोले, नकारात्मकता, अराजकता, अवसरवादिता और परिवारवाद को बढ़ावा देने वाली सपा समाज और विकास के बारे में सोच नहीं सकती।
मंगलवार को नगर निकाय चुनाव के द्वितीय चरण में प्रचार के अंतिम दिन सीएम योगी चित्रकूट आए। यहां उन्होंने नगर पालिका चित्रकूटधाम, नगर पंचायत राजापुर, मऊ और मानिकपुर में प्रत्याशियों के लिए समर्थन मांगा। राष्ट्रीय रामायण मेला परिसर में लगभग 20 मिनट के भाषण में उन्होंने सरकार की योजनाएं गिनाईं तो समाजवादी पार्टी पर निशाना भी साधा।
उन्होंने कहा कि चित्रकूट संयम की धरती है। जहां संयम है, वहीं साधना है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के नेताओं पर कटाक्ष किया। कहा कि कुछ लोग होते हैं, जो समाज के लिए नहीं सोचते। सपा राममनोहर लोहिया के नाम पर राजनीति करती है और कहती है कि राम नहीं थे बल्कि यह मिथक हैं। श्रीरामचरित मानस के बारे में अनर्गल टिप्पणी करने वाले लोग, रामभक्तों पर गोलियां चलाने वाले लोग भला चित्रकूट का क्या विकास करेंगे।
रंगदारी वसूलने पर क्या होता है, जानते हो न
सीएम ने अपने भाषण के दौरान हाल-फिलहाल अपराधियों और माफियाओं पर हुई कार्रवाई का भी बातों-बातों में जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश माफियामुक्त, दंगामुक्त, अपराधमुक्त हो गया है। अब उत्तर प्रदेश उत्सव प्रदेश बन चुका है। यहां कालिंजर उत्सव, झांसी की रानी का विजयोत्सव जैसे आयोजन होते रहते हैं। जब भीड़ से पूछा, आप लोग जानते हो न कि रंगदारी वसूलने का मतलब कि क्या होने वाला है... तो लोगों ने जमकर तालियां बजाईं।
