हल्द्वानी: यूटिलिटी शिफ्टिंग न करने पर लिखा सिंचाई विभाग के एसई को पत्र
पेयजल लाइन, सीवर लाइन और पोल शिफ्ट न करने से काम हुआ बाधित
हल्द्वानी, अमृत विचार। एसबीआई से नवाबी रोड तक 712 मीटर लंबी नहर कवरिंग कार्य में देरी होने के मामले में सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता किशन सिंह बिष्ट ने अधीक्षण अभियंता आरबी सिंह को पत्र लिखा है।
उन्होंने पत्र के माध्यम से बताया कि नहर कवरिंग कार्य शुरू होने से पहले मंडलायुक्त ने कवरिंग से संबंधित विभागों को यूटिलिटी शिफ्टिंग पूरा करने के निर्देश दिए थे लेकिन इसके बावजूद जल संस्थान ने सीवर लाइन और पेयजल लाइन शिफ्ट नहीं की है और सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता एनसी पांडे ने बताया कि नहर के प्रारंभिक बिंदु से 4 मीटर पर विद्युत पोल होने के कारण 3.75 मीटर क्षेत्र में काम करना संभव नहीं है साथ ही नहर के दाएं भाग में 486 मीटर में पेयजल लाइन, 524 मीटर में नहर के बेड में सीवर लाइन, 602 मीटर में बेड में अंडर ग्राउंड सीवर लाइन और 612 मीटर में बेड में सीवर चैंबर होने के कारण आगे नहर कवरिंग कार्य किया जाना संभव नहीं है।
उन्होंने बताया कि निर्माण स्थल पर कवरिंग से संबंधित सामग्री लाने ले जाने के लिए केवल एक ही मार्ग है जो अत्यधिक संकरा होने के कारण सामग्री ले जाने में अत्यधिक कठिनाईयों का सामना कर पड़ रहा है। उन्होंने अधीक्षण अभियंता को संबंधित विभागों को यूटिलिटी शिफ्टिंग करने के लिए पत्राचार करने और समस्याओं की वास्तुस्थिति से उच्च स्तर को अवगत कराने का आग्रह किया है।
