मुरादाबाद : दलपतपुर स्टेशन मास्टर के बड़े भाई ने फंदे से झूलकर दी जान, नशा व गृह कलह बताई जा रही खुदकुशी की वजह  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

परिजनों की सूचना पर पुलिस ने कब्जे में लिया शव  

फंदे से झूल कर खुदकुशी करने वाले रूप किशोर की फाइल फोटो।

मुरादाबाद, अमृत विचार। स्टेशन मास्टर के पद पर दलपतपुर में तैनात कुलदीप सैनी के मझले भाई रूप किशोर ने मंगलवार रात शराब के नशे में फंदे से झूलकर जान दे दी। घटना की वजह गृह कलह बताई जा रही है। परिजनों की सूचना पर बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। घटना स्थल से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। युवक के आत्मघाती कदम से परिजनों में कोहराम मचा है।

मझोला थाना क्षेत्र में लाइनपार चामुंडा मंदिर के समीप विकास नगर कालोनी में रहने वाले स्व. मुन्ना लाल की मौत 2019 में हो गई। उनके तीन पुत्र है। बड़ा पुत्र चरन सिंह सैनी मुरादाबाद में मार्केटिंग का काम करता है। दूसरा पुत्र रूप किशोर छह माह से दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। जबकि छोटा पुत्र कुलदीप सैनी दलपतपुर स्टेशन मास्टर के रूप में कार्यरत है। तीनों भाइयों की शादी हो चुकी है।

बड़े व मझले भाई विकास नगर कालोनी में एक साथ रहते थे। जबकि कुलदीप सपरिवार मझोला थाना क्षेत्र स्थित कांशीराम नगर में निवास करते हैं। रात साढ़े आठ बजे मझले भाई के मोबाइल नंबर से उनके पास एक मिस्ड काल आई। उन्होंने काल बैक किया। लेकिन बात नहीं हो पाई। तब उन्होंने रूप किशोर की पत्नी सोनिया के मोबाइल फोन पर काल किया। सोनिया ने बताया कि रूप किशोर ने विकास नगर स्थित आवास के प्रथम तल पर फंदे से झूलकर जान दे दी है। परिजनों ने घटना की जानकारी तत्काल मझोला पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक मझोला विप्लव शर्मा ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।

पूछताछ में परिजनों ने बताया कि रात साढ़े आठ बजे नशे में धुत रूप किशोर घर लौटा। इसपर उनकी पत्नी भड़क गई। शराब पीने को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ। इसके बाद रूप किशोर मकान के प्रथम तल पर चला गया। जबकि अन्य परिजन भूतल पर थे। कुछ देर बाद बड़े भाई चरन सिंह टहलते हुए प्रथम तल पर पहुंचे तो कमरे में रूप किशोर फंदे से लटकता मिला। उन्होंने घटना से परिजनों को अवगत कराया। मृतक दो वर्षीय रूद्र का पिता था। पत्नी सोनिया व मां मीना सैनी का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक मझोला ने बताया कि प्रकरण में कोई तहरीर पुलिस को नहीं मिली है। घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है।

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद : नन्हें को बर्दाश्त नहीं हुई बीवी की बेवफाई, आरोपी ने गर्दन पर चला दिया छुरा

संबंधित समाचार