रुद्रपुर: टायर खरीदने के नाम पर दुकानदार को लगाया हजारों का चूना
रुद्रपुर, अमृत विचार। बगवाड़ा चौकी इलाके में टायर खरीद के नाम पर हजारों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि अज्ञात कॉलर ने पहले डिलीवरी ली और उसके बाद बिना भुगतान किए ही मोबाइल बंद कर दिया। दुकान स्वामी की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सिविल लाइन निवासी योगेश खुराना ने बताया कि किच्छा मार्ग बगवाड़ा में मैसर्स खुराना इंटरप्राइजेज के नाम से उनकी दुकान है। जहां टायरों की खरीद फरोख्त की जाती है। बताया कि अप्रैल 2023 को एक अज्ञात कॉलर का कॉल आया और जिसने अपना नाम वैभव कुमार उर्फ राकेश शर्मा बताया।
साथ ही खुद को एलएससी इंफ्राटेक लालकुआं के परचेज डिपार्टमेंट में कार्यरत बताया। इसके अलावा जब कॉलर ने टायर संबंधी जानकारी मांगी तो उसको सारी जानकारियां मुहैया करवा दी गई।
15 अप्रैल को आरोपी ने कहा कि वह बिलासपुर रोड स्थित कार्यालय में काम से आया है। ऐसे में छह कार के टायरों की डिलीवरी करवा दी जाए। जिसकी कीमत 36 हजार रुपये थी। आरोप था कि कॉलर की बातों में आकर उनके द्वारा छह कार टायर डिलीवरी करवा दी गई।
डिलीवरी लेने के बाद आरोपी ने टायरों का कोई भुगतान नहीं दिया और मोबाइल फोन बंद कर दिया। इसके बाद उन्हें ठगी होने का एहसास हुआ। दुकान स्वामी ने बगवाड़ा चौकी प्रभारी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
