संभल : युवती का जीना किया दुश्वार, दुष्कर्म कर बनाई अश्लील वीडिया, तुड़वा दी शादी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गुन्नौर क्षेत्र में  रिश्तेदारी में रह रही थी पड़ोसी की हरकतों से परेशान बदायूं की युवती, आरोपी ने अश्लील वीडियो व फोटो से किया ब्लैकमेल का प्रयास

युवती के होने वाले पति को फोन कर तुड़वा दी शादी, बुधवार को आनी थी युवती की बरात, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक को किया गिरफ्तार

संभल/बबराला/अमृत विचार। बदायूं निवासी युवती का पड़ोसी युवक ने जीना दुश्वार कर दिया। इस पर वह संभल जनपद के गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र स्थित रिश्तेदारी में आ गई। युवक यहां भी आ धमका। युवती को घर में अकेली देख उससे दुष्कर्म कर अश्लील वीडिया व फोटो खींच लिए। इस बीच परिजनों ने युवती की शादी तय कर दी। आरोपी युवक ने उसके होने वाले पति को भड़काकर शादी तुड़वा दी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

बदायूं जनपद के इस्लामनगर थाना क्षेत्र निवासी युवती कुछ माह से गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र में रिश्तेदारी में रह रही थी। परिजनों का कहना है कि पड़ोसी युवक ने युवती का जीना दुश्वार कर दिया था। घर से निकलते ही उसके साथ गंदी हरकतें करता था। युवती को फोन कर अश्लील बातें करता था। कॉलेज जाते समय पीछा कर छेड़छाड़ करता था। इससे परेशान होकर परिजनों ने युवती की शादी तय कर दी और उसे 30 अप्रैल को रिश्तेदारी में भेज दिया। मगर उसका पीछा करते हुए युवक यहां भी आ गया। दोपहर को युवती को अकेला देख युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो तथा फोटो रिकार्ड कर लिये।

पति को भड़काकर तुड़वा दी शादी
संभल/बबराला। युवती की शादी होने वाली थी, इसलिए परिजन चुपचाप रहे। परिजनों ने सोचा था कि शादी हो जायेगी तो सारी पुरानी बात खत्म हो जायेगी। युवती के भाई का कहना है कि आरोपी ने युवती को फोन करके अश्लील फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दोबारा मिलने का दबाव बनाया। युवती के मना करने पर उसने ने उसके होने वाले पति को फोन करके भड़काकर शादी तुड़वा दी।

परिजनों की सूचना पर पुलिस ने किया गिरफ्तार
संभल। युवती की शादी तुड़वाने के बाद भी वह बुधवार को गुन्नौर क्षेत्र में ही घूम रहा था। युवती के परिजनों को इसकी जानकारी हुई। तब  उन्होंने पुलिस को सूचना दी। गुन्नौर पुलिस ने युवती के परिजनों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी रामेश्वर रस्तोगी निवासी रुदायन जनपद बदायूं को गिरफ्तार कर लिया है।

ये भी पढ़ें : निभाया फर्ज :  बेटी ने पिता को दी मुखाग्नि, आवास विकास कालोनी का मामला

संबंधित समाचार