बरेली: मतदातागण! आज लोकतंत्र का नया सवेरा...पुराना रिकॉर्ड तोड़ रच डालिए इतिहास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आलस को त्यागो, उठो और जागो, लोकतंत्र की चौखट पर आपका हो रहा इंतजार, अपने वोटों की ताकत का करा दीजिए एहसास, सियासी पहलवानों को बड़ी आस

अनुपम सिंह, बरेली, अमृत विचार : मतदातागण...! भोर हाे चुकी है। सूरज की लालिमा धरा पर अपनी किरणें फैला चुकी है। चिड़ियों की चहचहाट इस बात का संकेत है कि आपको भी आलस त्यागकर उठ जाना चाहिए। आपको याद तो होगा ही...नहीं है तो हम बता देते हैं। आज लोकतंत्र का महापर्व है। हां, वही महापर्व जिसका आपको एक, दो नहीं बल्कि पांच सालों से लंबा इंतजार था। वह इंतजार अब खत्म हो चुका है।

आज आपकी बारी है...। आज आपका दिन है। आज नए लोकतंत्र का नया सवेरा है, तो फिर देर किस बात की ? क्या सोच रहे हैं ? सारी चिंता, सारी समस्याओं को त्याग कर अपने शहर की नई सरकार चुनने के लिए नए जोश, नई उमंग, नई सोच के साथ घर की दहलीज लांघकर लोकतंत्र की चौखट पर पहुंचिए, जहां पर महाकुंभ का मेला सज चुका है। लोगों ने वोटों की आहूति देनी शुरू कर दी है।

आप भी महासंगम में गोता लगाकर वोट की चोट देकर एक स्वच्छ और अच्छे प्रतिनिधि का चयन करें, ताकि, अगले पांच सालों तक आपके वोट की बदौलत विकास के नए-नए आयाम लिखे जाते रहें, अपना शहर तरक्की के पथ पर विकास की नई-नई कहानियां लिखता रहे। मतदान करने में बिल्कुल नहीं चूकिए, क्योंकि अगर इस बार चूक गए तो फिर पांच साल तक आपको फिर इस महापर्व का इंतजार करना होगा। आपसे अफसर तो अपील कर ही रहे हैं।

अमृत विचार भी एक सरोकारीय पत्रकारिता का निर्वहन करते हुए मतदान की अपील कर रहा है। आपकी एक वोट शहर की तकदीर और तस्वीर बदल सकता है। आपको पुराने रिकॉर्ड को तोड़कर नया इतिहास भी रचना है। 2017 में हुए नगरीय निकाय चुनाव में शहरी मतदाताओं का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। पढ़े लिखे होने के बाद भी मतदान करने में ग्रामीण मतदाताओं से पीछे रहने का जाे दाग था, उसे इस बार धुल डालिए।

नगर निगम में महज 45 फीसदी वोटिंग हुई थी। ऐसे में इस बार आपको शहर, जिले में नहीं प्रदेश में अव्वल आना है। अगर ठान लेंगे तो कर डालेंगे। पिछले चुनाव में सबसे अधिक वोटिंग करने का खिताब नगर पंचायत फरीदपुर काे 83.91 और रिठौरा को 82 फीसदी के साथ मिला था।

इसी तरह से ठिरिया निजावत खां 74.92, रिठौरा 82.04, धौराटांडा 78.72, मीरगंज 67.18, फतेहगंज पश्चिमी 69, शाही 66, शीशगढ़ 77.6, नवाबगंज 71.78,सेंथल 80.41, बहेड़ी 64.6, नगर पालिका फरीदपुर 60.8, रिछा 73.4 देवरनियां 73.7, शेरगढ़ 72.8, नगर पंचायत फरीदपुर 83.91, फतेहगंज पूर्वी 56.01, आंवला 61.57, बिशारतगंज 72, सिरौली 67.3 फीसदी वोटिंग हुई थी। इस बार पुराने सारे रिकार्ड को तोड़कर नया कीर्तिमान स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। ठान लीजिए कि प्रदेश में बरेली कीअलग पहचान बनानी है।

1.47 वोटर पहली बार चुनेंगे शहर की सरकार: पांच साल बाद होने जा रहे नगर निकाय के चुनाव में इस बार एक लाख 47 हजार 513 मतदाता पहली बार अपने वोट की चोट कर शहर की सरकार चुनने में महती भूमिका निभाएंगे। ये नए वोटर किसी की भी प्रत्याशी की भाग्य को बदलने की ताकत रखते हैं।

संक्षिप्त पुनरीक्षण के बाद नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन में पांच साल, चार माह बाद नगर निगम सीमा में 86647 युवा वोटरों की वृद्धि हुई है। 2017 के चुनाव में नगर निगम में 761116 वोटर थे। इस बार इनकी संख्या बढ़कर 847763 हो गई है। इसी तरह से नगर निकायों में 60 हजार से अधिक वोटर बढ़े हैं।

ये भी पढ़ें - बरेली:अफसरों ने छोड़ीं खामियां, खामियाजा भुगतेंगे मतदाता

संबंधित समाचार