बरेली: फर्जी वोटिंग की कोशिश पर 164 गिरफ्तार
मौलाना आजाद कॉलेज केंद्र पर पार्षद प्रत्याशी की पत्नी को पीटने की कोशिश, हंगामा, नवाबगंज और सेंथल में पीठासीन अधिकारियों पर भी फर्जी वोटिंग का आरोप
बरेली,अमृत विचार: निकाय चुनाव में मतदान की शुरुआत कई पोलिंग बूथों पर ईवीएम खराब होने की वजह से तय समय पर नहीं हो सकी। करीब दो घंटे बाद मतदान पटरी पर आया। इस बीच फर्जी वोटिंग की भी जमकर कोशिशें हुईं। दोपहर 12 बजे तक पुलिस ने जिले भर में 164 लोगों को फर्जी वोटिंग की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़ें - बरेली: बहेड़ी में चुनाव कर्मी की वजह से 30 मिनट तक मतदान रहा बाधित
मौलाना आजाद इंटर कॉलेज में पार्षद प्रत्याशी की पत्नी के साथ कुछ लोगों ने मारपीट करने की कोशिश की तो हंगामा खड़ा हो गया। पुलिस फोर्स आने पर बदसलूकी करने वाले भाग खड़े हुए। सुबह नौ बजे तक नगर निगम में सबसे कम मतदान हुआ था और फरीदपुर नगर पंचायत सबसे आगे निकल चुकी थी। इसके बाद मतदाताओं की भीड़ एकाएक बढ़ी। इसी के साथ बूथों पर नोकझोंक और हंगामा भी शुरू हो गया।
बहेड़ी, नवाबगंज, शेरगढ़, बिशारतगंज, शीशगढ़ समेत कई इलाकों में फर्जी वोटिंग और मतदाता सूची में वोटरों के नाम न होने पर हंगामा हुआ। नवाबगंज और सेंथल में पीठासीन अधिकारियों के एक दल के पक्ष में वोट डालने के आरोप लगाए जाने के बाद काफी देर तक हंगामा होता रहा। सेंथल में पीठासीन अधिकारी पर फर्जी वोट डालने का आराेप लगाते हुए पीड़ित ने चुनाव आयुक्त को लिखित शिकायत भेजी है।
सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे के बीच पोलिंग बूथों को पुलिस और प्रशासन के अफसरों ने चेक किया तो शहरी क्षेत्र में 87 और ग्रामीण क्षेत्र से 77 लोग पोलिंग सेंटर के अंदर और आसपास अनधिकृत रूप से घूमते पकड़े गए। पुलिस ने इन्हें हिरासत में लेने के बाद कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।
इधर दोपहर बाद 3 बजे तक नगर निगम में 29 प्रतिशत और समस्त निकायों में 36.95 प्रतिशत वोटिंंग हुई हैं। शुरूआत से ही मतदान की रफ्तार धीमी रही। हालांकि, अधिकारी 6 बजे तक मतदान प्रतिशत बढ़ने की बात कह रहे हैं।
शहर के मुकाबले कहीं दोगुनी तो कहीं तीन गुनी रफ्तार से दौड़ा देहात
निकाय कुल वोटर (9 बजे तक मतदान) (11 बजे तक ) (1 बजे तक)
नगर निगम 847890 60539/7.14% 136849/16.14% 219095/25.94%
ठिरिया पंचायत 21428 2957/13.8 6268/29.25% 9171/42.8%
रिठौरा 13801 1743/12.63% 4114/29.81% 6173/44.73%
धौराटांडा 20148 3526/17.5% 6750/33.5% 8361/41.5%
मीरगंज 20154 2015/10% 6550/33.5% 8565/42.5%
फतेहगंज पश्चिमी 24320 2471/10.16% 6581/32.5% 9443/38.83%
शाही 13083 1439/11% 3467/26.5% 4972/38%
शीशगढ़ 21090 2820/13.37% 6468/30.67% 9640/45.71%
नवाबगंज पालिका 39894 5685/14.25% 12048/30.2% 17186/43.08%
सेंथल 13809 1692/12.25% 3797/27.5% 5144/37.25%
बहेड़ी पालिका 61149 7399/12.1% 14388/23.53% 22197/36.3%
फरीदपुर पंचायत 6589 1081/16.41% 2611/39.62% 3828/58.09%
रिछा 17281 2074/12% 4579/26.5% 7123/41.22%
देवरिया 19336 2980/15.41% 6097/31.53% 9136/47.25%
शेरगढ़ 14320 1647/11.5% 3715/25.94% 5996/41.87%
फरीदपुर पालिका 71986 7631/10.6% 16096/22.96% 23655/32.86%
फतेहगंज पूर्वी 10788 1133/10.5% 2466/22.86% 3675/34.07%
आंवला पालिका 60906 7613/12.5% 15141/24.86% 22541/37.01%
बिशारतगंज 13959 1368/9.8% 3530/25.29% 5550/39.76%
सिरौली 20417 2532/12.4% 5411/26.5% 8616/42.2%
कुल 1332348 120344/9.03% 266926/20.3% 410068/30.78%
11 बजे सर्वाधिक फरीदपुर नगर पंचायत, सबसे कम नगर निगम: नगर निगम समेत 20 निकायों के लिए मतदान सुबह 7 बजे शुरू हो गया। नौ बजे तक सभी निकायों के 13,32,176 वोटरों में से 1,20344 वोटरों ने मताधिकार का प्रयोग कर 9.03 प्रतिशत वोटिंग की। नौ से 11 बजे तक वोट प्रतिशत बढ़ा और आंकड़ा 266926 वोट पड़ने के बाद 20.3 प्रतिशत पर पहुंच गया। सबसे ज्यादा वोटिंग फरीदपुर नगर पंचायत में हुई। नगर निगम का वोट प्रतिशत बाकी 19 निकायों से काफी कम रहा।
09 बजे : सर्वाधिक मतदान धौराटांडा में, नगर निगम में 7.41 प्रतिशत: सुबह नौ बजे तक बरेली में सबसे कम 7.41 फीसदी मतदान हुआ। नगर पंचायत धौराटांडा में सर्वाधिक 17.5 फीसदी मतदान हुआ। बिशारतगंज नगर पंचायत में 9.8 फीसद, देवरनिया में 15.41 फीसदी मतदान हुआ। ठिरिया निजावत खां, रिठौरा, मीरगंज, फतेहगंज पश्चिमी, शाही, शीशगढ़, नवाबगंज, सेथल, बहेड़ी, फरीदपुर, रिछा, शेरगढ़, फतेहगंज पूर्वी, आंवला, सिरौली नगर पंचायतों में भी 10 फीसदी से ज्यादा मतदान हो चुका था।
ये भी पढ़ें - बरेली: बहेड़ी में फर्जी मतदान की खबरों के बीच जमकर वोटिंग
