IPL 2023 : जोस बटलर पर मैच फीस का लगा 10 प्रतिशत जुर्माना, जानिए वजह
बटलर ने आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 के तहत लेवल एक का अपराध स्वीकार किया है
कोलकाता। राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज जोस बटलर पर कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आईपीएल मैच के दौरान आचार संहिता के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। आईपीएल ने बयान में कहा,‘‘राजस्थान रॉयल्स के जोस बटलर पर कोलकाता के ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच 11 मई को खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच के दौरान आईपीएल आचार संहिता के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।’’
इसमें कहा गया है,‘ बटलर ने आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 के तहत लेवल एक का अपराध स्वीकार किया है। आचार संहिता के लेवल एक के उल्लंघन के लिए मैच रेफरी का फैसला अंतिम होता है।’’ बटलर इस मैच में शुरू में ही रन आउट होने के कारण खाता भी नहीं खोल पाए थे। राजस्थान रॉयल्स ने यह मैच नौ विकेट से जीता।
वेंकटेश ने राणा के पहला ओवर करने के फैसले का बचाव किया
कोलकाता। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आईपीएल मैच के दौरान पहला ओवर करने के कप्तान नितीश राणा के फैसले का बचाव किया। केकेआर को केवल 149 रन का बचाव करना था और ऐसे में राणा ने स्वयं पहला ओवर किया। यशस्वी जायसवाल ने इस ओवर में दो छक्कों और तीन चौकों की मदद से 26 रन बटोरे। रॉयल्स ने यह मैच आसानी से नौ विकेट से जीता। वेंकटेश ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, बाएं हाथ का बल्लेबाज (जायसवाल) क्रीज पर था और वह (राणा) ऑफ स्पिनर है। ऐसे में मुझे नहीं लगता कि यह गलत फैसला था। राणा का यह फैसला टीम पर भारी पड़ गया लेकिन वेंकटेश ने कहा कि अगर उन्हें इस ओवर में विकेट मिल जाता तो परिदृश्य भिन्न होता।
उन्होंने कहा, हम सभी जानते हैं कि वह गेंदबाजी करने में सक्षम है। उन्होंने अपने करियर में कई बार महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए हैं। उनका यह फैसला हमारी टीम के पक्ष में नहीं रहा लेकिन अगर उन्होंने (जायसवाल का) विकेट हासिल कर लिया होता तो यह कप्तान का 'मास्टरस्ट्रोक' होता। खेल में ऐसी चीजें होती रहती हैं। वेंकटेश ने कहा, विकेट थोड़ा धीमा था और हम नई गेंद से स्पिनरों के जरिए इसका फायदा उठाना चाहते थे। ऐसा नहीं हो पाया लेकिन राणा अविश्वसनीय गेंदबाज है। जब भी उसने किफायती गेंदबाजी की तब विकेट भी लिए। एक मैच से वह खराब गेंदबाज नहीं बन जाता।
ये भी पढ़ें : IPL Orange & Purple Cap : युजवेंद्र चहल के सिर सजी पर्पल कैप, जानिए ऑरेंज कैप पर किसका कब्जा?
