खटीमा: आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोप में चार के खिलाफ रिपोर्ट
खटीमा, अमृत विचार। पांच दिन पहले एक व्यक्ति की मौत के मामले में कोतवाली पुलिस ने पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ आत्म हत्या के लिए प्रेरित करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली पुलिस के अनुसार वार्ड संख्या तीन निवासी बाबू शाह ने पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा है कि उसके बड़े बेटे रिजवान का विवाह तीन वर्ष पहले वार्ड संख्या दो निवासी साजिया के साथ हुआ था। आरोप लगाया कि विवाह के बाद से ही बेटे व बहू में झगड़ा होता रहता था। ससुर, साली व सास पर भी प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
कहा है कि इससे तंग आकर उसके बेटे रिजवान ने 9 मई की सुबह जहर खाकर जान दे दी। जान देने से पहले मृतक रिजवान ने वीडियो बनाया। पुलिस ने इस मामले में पत्नी साजिया, ससुर, सास व साली के खिलाफरिपोर्ट दर्ज कर ली है। वाद की विवेचना बाजार चौकी इंचार्ज एसआई संदीप पिलख्वाल को सौंपी गई है।
