Bareilly: शहर के चुनाव में अटका गांवों का विकास फिर तेजी पकड़ेगा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अफसरों और कर्मचारियों के व्यस्त होने के कारण थम गई थी रफ्तार

DEMO IMAGE

बरेली, अमृत विचार। शहरी क्षेत्रों के चुनाव की वजह से अटका गांवों का विकास फिर तेज होने की उम्मीद है। अफसरों की चुनाव की व्यस्तता की वजह से ग्रामीण इलाकों में शासन की प्राथमिकता में शामिल जल जीवन मिशन, ब्लॉकों में कूड़ा संग्रह केंद्र समेत सड़कों के निर्माण जैसे काम थम गए थे। अफसरों के सामने अब चुनौती भी है कि इन कामों को निर्धारित समयसीमा के अंदर पूरा कराया जाए।

निकाय चुनाव के लिए जिले में अप्रैल में आचार संहिता लागू कर दी गई थी। इसके साथ ही पूरा सरकारी तंत्र चुनाव की तैयारियों में व्यस्त हो गया था। ग्रामीण इलाकों में चल रहे विकास कार्यों की मॉनीटरिंग न होने से उनकी रफ्तार धीमी हो गई। बताया जा रहा है कि ग्रामीण इलाकों में चल रही ज्यादातर विकास योजनाएं पहले से ही काफी पिछड़ी हुई थीं जो शहर के चुनाव की वजह से और पिछड़ गईं।

जिले की एक हजार से ज्यादा ग्राम पंचायतों में जल जीवन मिशन के तहत काम किया जा रहा है। इस परियोजना के जरिए नए ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर नल से जल की आपूर्ति की जानी है। चुनाव के कारण तमाम ग्राम पंचायतों में यह काम ठप पड़ गया था। इसी तरह कूड़ा प्रबंधन परियोजना भी जहां के तहां अटकी हुई है। सीडीओ जग प्रवेश का कहना है कि निकाय चुनाव शांतिपूर्ण निपट गया है। अब ग्रामीण इलाकों में विकास कार्यों की समीक्षा कर रुके हुए काम तेजी से पूरे कराए जाएंगे।

अमृत सरोवर योजना में भी तेजी आने की उम्मीद
अमृत सरोवर योजना सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट है। जल संरक्षण एवं जल संचयन के उद्देश्य से ग्रामीण क्षेत्रों में तालाबों की खुदाई कराई जा रही है। कई जगह तालाबों को झील के रूप में विकसित करने के साथ उन्हें पर्यटन स्थल बनाने की योजना है। इस योजना में एक एकड़ से अधिक क्षेत्रफल वाले तालाबों का चयन किया गया है। यह काम काफी धीमी गति से चल रहा है और काफी बुरी तरह पिछड़ गया है। अब चुनाव निपटने के बाद इसकी गति भी बढ़ने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- बरेली: घर के बाहर घायल अवस्था में मिले व्यक्ति की उपचार के दौरान हुई मौत 

संबंधित समाचार