कानपुर: भतीजे ने महिला मित्र संग मिलकर चाचा को उतारा मौत के घाट, घर में अकेले रहता था मृतक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर/अमृत विचार। बिधनू के दीनदयालपुरम केडीए कालोनी में भतीजे ने अपनी महिला मित्र के संग मिलकर धारदार हथियार से चाचा की हत्या कर दी। रविवार सुबह मीटर रीडिंग को आए केस्को कर्मी ने दरवाजा खोला तो अधेड़ का लहूलुहान शव मिला। केस्को कर्मी ने पड़ोसियों को मामले की जानकारी दी। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। बिधनू थानाक्षेत्र के दीनदयालपुरम के केडीए कालोनी में रविवार सुबह केस्को कर्मी मीटर रीडिंग को पहुंचा था। 

केस्को कर्मी मीटर रीडिंग के लिए कालोनी निवासी सुनील सोनी (55) के घर पहुंचा। कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई आवाज न आने पर केस्को कर्मी ने दरवाजा खोल कर देखा तो सुनील का लहुलूहान शव पड़ा हुआ था। केस्को कर्मियों ने पड़ोसियों को मामले की जानकारी दी। पड़ोसियों में शव देखकर हड़कंप मच गया। पड़ोसियों की सूचना पर बिधनू थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।

पूछताछ के दौरान पड़ोसियों ने बताया कि मृतक सुनील दादानगर स्थित प्लास्टिक फैक्ट्री में कार्य करता था। मृतक सुनील को कोई संतान नहीं थी, कोरोना काल के दौरान वर्ष 2020 में सुनील की पत्नी विमला की मौत हो गई थी। पड़ोसियों ने बताया विमला की मौत के बाद मृतक के छोटे भाई अनिल के पुत्र कृष्णा (25) का अक्सर घर आना जाना था। शनिवार शाम कृष्णा अपनी महिला मित्र के साथ सुनील के घर आया था। 

पड़ोसियों ने बताया कि कृष्णा के घर आने के कुछ देर बाद ही सुनील घर आ गया था। इसके कुछ देर बाद कृष्णा अपनी महिला मित्र संग बाहर जाते दिखाई पड़ा था। बिधनू थानाध्यक्ष ने बताया सुनील के मुंह में कपड़ा ठंस कर धारदार हथियार से पेट, सिर, गले में कई वार किए गए है। बिधनू एसीपी दिनेश शुक्ला ने बताया कि घटना के बाद से मृतक का भतीजा फरार है। युवक के खिलाफ हत्या समेंत अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। जल्द ही युवक की गिरफ्तारी की जाएगी।

यह भी पढ़ें:-हरदोई: बंदरों की धमाचौकड़ी से गिरा टीन शेड, छात्र सहित दो की दर्दनाक मौत

संबंधित समाचार