रुद्रपुर: दबंगों ने हथियारों के बल पर खेत पर कब्जा करने का किया प्रयास
रुद्रपुर, अमृत विचार। नानकमत्ता की रहने वाली एक महिला ने वही के रहने वाले दबंगों पर हथियारों के बल पर खेत पर कब्जा करने और बोई फसल नहीं काटने देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसएसपी को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव पचपेड़ा निवासी कैदो उर्फ मुन्नी देवी ने एसएसपी को सौंपे ज्ञापन में कहा कि उसके नाम पर गांव भरौनी में खेती की कुछ जमीन है। उस भूमि पर माता और नाना के समय से खेती हो रही है।
आरोप था कि वही के रहने वाले कुछ दबंग लोग खेत पर जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं और उसके पति को अवैध हथियारों के बल पर खेत में जाने से रोकते हैं। इतना ही नहीं बोई हुई फसल को भी काटने नहीं दे रहे हैं, जबकि बारिश का मौसम आने से पहले फसल की रोपाई भी करनी है। पीड़िता ने एसएसपी से दबंगों के खिलाफ कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
