Farrukhabad News : आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर दुष्कर्म पीड़िता ने पीया जहर, समझौते का दबाव बनाने का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फर्रुखाबाद में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर दुष्कर्म पीड़िता ने पीया जहर।

फर्रुखाबाद में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर दुष्कर्म पीड़िता ने जहर पीया। मुकदमे में समझौता का आरोपियों पर दबाव बनाने का आरोप लगाया। पुलिस ने पीड़िता को सीएचसी में भर्ती कराया।


फर्रुखाबाद, अमृत विचार। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी व उसके साथियों की गिरफ्तारी न होने से पीड़िता ने घर में रखा जहर पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन पीड़िता को लेकर थाने गए। वहां घटना की जानकारी दी। दरोगा ने परिजनों के साथ युवती को लेकर सीएचसी गया और उसको भर्ती कराया। 

कमालगंज थाना क्षेत्र के एक गांव  निवासी युवती ने रविवार शाम घर पर जहरीला पदार्थ पी लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन आनन-फानन में उसे ई-रिक्शा से थाने लेकर पहुंचे। युवती द्वारा जहरीला पदार्थ खाए जाने की जानकारी पर पुलिस के हाथ पांव फूल गए और उसे पुलिस की गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। वहां चिकित्सक की टीम ने उसका उपचार किया। कुछ देर बाद युवती की हालत में सुधार आ गया। परिजनों ने बताया कि पुत्री की शादी गांव के रहने वाले विशाल से तय हुई थी।

इस कारण विशाल घर आने लगा। विशाल ने पुत्री के साथ शारीरिक संबंध बना लिए। कई माह तक शादी न होने पर युवक के परिजनों पर शादी करने का दबाव बनाया। आरोपी विशाल, रजनी उर्फ वचुलिया मानी व नन्ही ने शादी करने से इनकार कर दिया। आरोपियों ने कहा कि शादी दूसरी जगह अधिक दहेज मिलने पर करेंगे। विशाल ने युवती के साथ करीब डेढ़ साल शारीरिक संबंध बनाने के बाद शादी करने से इनकार कर दिया। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

पीड़िता रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने के चक्कर लगाती रही। एसपी कार्यालय पहुंच कर प्रार्थना पत्र दिया तब फरवरी माह में तीनों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। अब पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर रही है। इस कारण आरोपी मुकदमे में समझौता करने के दबाव बना  रहे हैं। आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। वह आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग थाना पुलिस से कई बार कर चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। पीड़िता ने बताया कि पुलिस की अनदेखी और आरोपियों की धमकी देने से परेशान होकर उसने जहरीला पदार्थ पी लिया था। कमालगंज थानाध्यक्ष अमरपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

 

संबंधित समाचार