हल्द्वानी: मनाही के बावजूद डॉक्टर ने लिखी बाहर की दवा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शिकायत लेकर चिकित्सा अधीक्षक के पास पहुंचा मरीज 

हल्द्वानी, अमृत विचार। सुशीला तिवारी अस्पताल में डॉक्टर मरीजों को बाहर की दवा लिखने से बाज नहीं आ रहे हैं। जबकि अस्पताल प्रबंधन इसके लिए मनाही कर चुका है। सोमवार को एक मरीज ने मामले में चिकित्सा अधीक्षक से शिकायत की है।

हल्द्वानी निवासी हिमांशु जोशी ने बताया कि शरीर में छोटे-छोटे दाने होने पर वह एसटीएच दिखाने आया था। उसने पर्चा काउंटर से चर्म रोग ओपीडी का पर्चा कटवाया। ओपीडी में मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद उसे पर्चे में करीब 5-6 दवाएं लिखकर दीं। जब वह अस्पताल के दवा काउंटर पर पहुंचा तो फार्मासिस्ट ने बताया कि डॉक्टर ने सभी दवाएं बाहर की लिखी हैं। जिस पर हिमांशु अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) डॉ. जीएस तितियाल के पास पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। 

इधर, एमएस डॉ. तितियाल ने बताया कि मामला संज्ञान में आया था, जिसे निपटा दिया गया है। साथ ही संबंधित डॉक्टर को अस्पताल में उपलब्ध दवाएं ही मरीजों को लिखने के आदेश दिये गये हैं। दोबारा शिकायत आने पर कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।

 

संबंधित समाचार