हल्द्वानी: एक साल में जब्त की 11 हजार किलो पॉलिथीन
प्रतिबंधित पॉलीथिन रखने पर अब तक एक हजार का चालान कर वसूले 12 लाख रुपये
हल्द्वानी, अमृत विचार। पॉलिथीन को खत्म करना नगर निगम के लिए चुनौती बना है। निगम ने करीब एक साल के भीतर 11 हजार किलो पॉलिथीन जब्त कर 12 लाख रुपये का चालान किया है। मगर दुकानदारों पर इसका भी कोई असर नहीं हो रहा है।
प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ की गई कार्रवाई का कुछ दिन असर रहता है। निगम की कार्रवाई को बार-बार ठेंगा दिखाया जा रहा है। चालान का भी दुकानदारों में डर नहीं है। निगम ने पॉलिथीन पर पूर्ण रूप से बैन लगाने के लिए अब चालान राशि 1000 रुपये कर दी है। अब छोटे, बड़े दुकानदारों से प्रतिबंधित पॉलीथिन के इस्तेमाल पर एक हजार रुपये वसूले जाएंगे।
वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल ने बताया कि पॉलिथीन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाने के लिए अब चालान की राशि बढ़ा दी गई है। यदि किसी दुकानदार के पास पॉलिथीन पकड़ी जाती है, तो उसका कम से कम एक हजार रुपये का चालान काटा जाएगा।
चालान राशि से बढ़ने से इसका इस्तेमाल कम होगा। उन्होंने कहा कि पॉलिथीन पर्यावरण के लिए नुकसानदायक है। इसके खिलाफ जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि निगम की ओर से पॉलिथीन के खिलाफ की गई कार्रवाई में 22 जुलाई 2022 से अब तक लगभग 11 हजार किलो पॉलिथीन जब्त कर ली गई है। चालान के रूप में दुकानदारों से 12 लाख रुपये की राशि वसूले गए हैं।
व्यापारियों को कागज और कपड़े की थैलियां बांटीं
मंगलपड़ाव सब्जी मंडी में फल सब्जी फुटकर व्यापार समिति मंगल पड़ाव की ओर से नगर निगम को प्रतिबंधित पॉलिथीन सौंपी गई। साथ ही व्यापारियों ने पॉलिथीन का इस्तेमाल न करने का संकल्प लिया। उन्होंने मेयर जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला की मौजूदगी में पॉलिथीन बैग निगम के हवाले किए। इस दौरान मेयर ने दुकानदारों को कागज और कपड़े के थैले बांटे। पॉलिथीन के बदले इनका इस्तेमाल करने को कहा। टीम में सहायक नगर आयुक्त मनोज भट्ट, वरिष्ठ नागरिक स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल, अमोल अस्वाल, चतर सिंह आदि थे।
