रुद्रपुर: नौ सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर भड़के मिनिस्ट्रीयल कर्मी
राज्य कर विभाग के मुख्य गेट पर धरना देकर की गेट मीटिंग
22 मई को काला फीता बांधकर सांकेतिक प्रदर्शन की दी चेतावनी
रुद्रपुर, अमृत विचार। नौ सूत्रीय मांगों को लेकर वाणिज्य कर मिनिस्ट्रियल स्टॉफ एसोसिएशन के पदाधिकारियों में आक्रोश व्याप्त है। विरोध में पदाधिकारियों ने ऑफिस गेट पर धरना देकर गेट मीटिंग की। पदाधिकारियों ने 22 मई को काला फीता बांधकर सांकेतिक प्रदर्शन का ऐलान किया है। इसके बाद भी मांग पूरी नहीं होने पर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन की चेतावनी दी है।
सोमवार को राज्य कर विभाग के मुख्य गेट पर धरने पर बैठे एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने विभाग के अधिकारियों के उदासीनपूर्ण रवैये पर नाराजगी जतायी। इस दौरान एसोसिएशन के प्रदेश महामंत्री राकेश जखमोला ने कहा कि विभाग में एकीकृत कर प्रणाली लागू होने के बाद भी आज तक कर्मचारियों को ढांचा नहीं बना है।
इसके अलावा विभाग में कर्मचारियों की काफी कमी है, लेकिन उच्चाधिकारियों ने अभी तक शासन को कोई प्रस्ताव बनाकर नहीं भेजा है। इससे अन्य कर्मचारियों पर काम का दबाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शासन की शिथिलीकरण नियमावली से अभी भी कई कर्मचारी वंचित हैं। समय-सीमा के चलते विभाग में कई पद पदोन्नति के रिक्त चल रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने सुगम-दुगम की स्थानांतरण की नीति की जगह समयबद्ध स्थानांतरण की व्यवस्था लागू करने की मांग की। इस अवसर पर एसोसिएशन के शाखा अध्यक्ष भीम सिंह, मंत्री चंद्रसेन, शेखर चुफाल, अरविंद राणा, रघुवीर सिंह, भगत सिंह खाती, मौ. वसीम, कुसुम वर्मा, सबा रानी, किरन रावत, सुमन चुफाल, संगीता शाह, सुरेंद्र कुमार, एजाज बेग, मोहित कुमार समेत कई कर्मचारी उपस्थित थे।
