बरेली: जनता का मूड कुछ भी हो, बस काफी है ईवीएम की सेटिंग बदलना- डॉ. तोमर
निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. तोमर ने कहा- यह कैसे हो सकता है जहां पिछली बार भरपूर वोट मिला, वहां इस बार कोई वोट न दे
बरेली, अमृत विचार। मेयर चुनाव में 56 हजार से ज्यादा वोटों के रिकॉर्ड अंतर से हारे सपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. आईएस तोमर का कहना है कि एक जमाने में बूथ कैप्चरिंग होती थी तो सबको दिखती थी लेकिन ईवीएम की सेटिंग बदलकर आसानी से यह काम किया जा सकता है। उन्होंने ईवीएम पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि यह कैसे हो सकता है कि जिन इलाकों में पिछले चुनाव में उन्हें भरपूर वोट मिला, इस बार वहां उन्हें कोई वोट न दे।
डॉ. तोमर ने सवाल किया कि ऐसा कैसे हो सकता है कि शुरू से आखिर तक भाजपा और सपा प्रत्याशी के वोटों में दुगने का अंतर रहे। बोले, मतगणना का बूथवार रिकार्ड अभी मिला नहीं है। रिकॉर्ड मिलने के बाद उसकी समीक्षा कर बताएंगे कि कहां-कहां क्या किया गया है।
डॉ. तोमर ने कहा कि ईवीएम के बरेली में आने के बाद पहले दिन ही उनमें गड़बड़ियां उजागर हो गई थी। 16 लोगों के नाम होने के बाद भी ईवीएम में या तो सिर्फ भाजपा के नाम वाले बटन दब रहे थे या फिर कोई भी बटन दबाओ तो भाजपा को वोट जा रहा था। प्रेक्षक के सामने भी अचानक चेक करने पर तीन में से दो ईवीएम में यह गड़बड़ी निकली थी।
डॉ. तोमर ने कहा कि वह हार का कारण वोट न मिलना नहीं बल्कि ईवीएम की सेटिंग को मानते हैं। निष्पक्ष चुनाव होता तो तस्वीर उलट होती। जनता भ्रष्टाचार से नाखुश थी और बदलाव चाहती थी लेकिन नतीजा जनता के मूड के विपरीत आया है। यह परिणाम पहले से तय था।
बोले, जब चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं रखी जाएगी तो लोकतंत्र का महत्व कम हो जाएगा। इसके लिए न्यायपालिका और मीडिया को आवाज उठानी चाहिए लेकिन वह भी मौन है। ऐसे में न्याय की उम्मीद कहां की जा सकती है। उन्होंने बरेली में मेयर पद के आरक्षण को भी प्रभावित करने का आरोप लगाया। बोले, सपा संगठन का कामकाज बेहतर रहा, संगठन के सदस्यों ने भरपूर मेहनत की है।
मेयर प्रत्याशी को पार्टी का चुनाव चिह्न न मिलना हार का एक कारण रहा है। मुस्लिम समुदाय का भी भरपूर वोट सपा को मिला है लेकिन कई वार्डाें में ज्यादा मुस्लिम प्रत्याशियों की वजह से वोट बंट गया और इसका भाजपा को लाभ मिला। सपा का वोट प्रतिशत बढ़ा है। सपा के 14 पार्षद जीते हैं। एक निर्दलीय को भी सपा ने समर्थन दिया था--- शमीम सुल्तानी, सपा के महानगर अध्यक्ष।
यह भी पढ़ें- बरेली: ऑनलाइन काम का पहले ही बोझ, अब मॉनिटरिंग से शिक्षकों में रोष
